Deputy CM Announces Establishment of University in Memory of National Poet Ramdhari Singh Dinkar बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय बनेगा, सम्राट चौधरी का ऐलान, Patna Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsPatna NewsDeputy CM Announces Establishment of University in Memory of National Poet Ramdhari Singh Dinkar

बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय बनेगा, सम्राट चौधरी का ऐलान

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने 350 नए डिग्री कॉलेज खोलने का भी संकल्प लिया।

Newswrap हिन्दुस्तान, पटनाFri, 11 April 2025 06:57 AM
share Share
Follow Us on
बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय बनेगा, सम्राट चौधरी का ऐलान

बिहार के बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर एक विश्वविद्यालय खोला जाएगा। बेगूसराय दिनकर की कर्मभूमि है। यहां पर दिनकर विश्वविद्यालय बनेगा। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने यह घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वे इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात करेंगे।

उन्होंने गुरुवार को पटना के बापू सभागार में दिनकर शोध संस्थान की ओर से आयोजित प्रतिज्ञा कार्यक्रम को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने 350 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज खोलने का संकल्प भी दोहराया। सम्राट ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश ने 2025 विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं को 12 लाख सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है।

उन्होंने दावा किया कि किसी भी राज्य ने इतने बड़े पैमाने पर सरकारी नौकरियां नहीं दी हैं। हम इस संकल्प को पूरा करने के बाद ही चुनाव में वोट मांगने जाएंगे। डोमिसाइल नीति पर हो रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि हमें देखना होगा कि दूसरे राज्यों के 6.3 फीसदी लोग ही बिहार आकर नौकरी कर रहे हैं। वहीं, बिहार के 17 फीसदी दूसरे राज्यों में नौकरी कर रहे हैं। हम मजदूर के साथ शिक्षक भी हैं। देश को सबसे अधिक आईएएस-आईपीएस देने वाले भी हम ही लोग हैं।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि दिनकर की कविताएं सभी काल में प्रासंगिक हैं। उनकी ओजस्वी कविताएं स्वाधीनता आंदोलन में क्रांतिकारियों में जोश भरती रहीं। दिनकर युग पुरुष के रूप में आज भी हमारे बीच हैं। उन्होंने युवाओं को दिनकर जी की हुंकार की याद दिलाते हुए देश के साथ ही बिहार को भी विकसित बनाने का संकल्प दिलाया।

लक्ष्य प्राप्ति को प्रेरित करती हैं दिनकर की कविताएं : नित्यानंद

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि रामधारी सिंह दिनकर का साहित्य देश के हर वर्ग को जोड़ती है। बिहार के लोग हमेशा अपने लक्ष्य के लिए जीते हैं, देश के लिए जीते हैं। दिनकर की कविताएं सभी को लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने रामधारी सिंह दिनकर को जन-जन का कवि बताते हुए कहा कि वे बेबाक कवि थे। अपनी बात कहने से कभी चूकते नहीं थे। उन्होंने नौजवानों की हृदय को छूने वाली कविताएं लिखी हैं। उन्होंने सभी से आग्रह करते हुए कहा कि जिस ओर जवानी चलती है उस ओर जमाना चलता है, इसलिए अभी युवा अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए परिश्रम करते हुए विकसित भारत के निर्माण में भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, नगर विकास मंत्री जिवेश कुमार, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, डॉ. संजीव चौरसिया, रामधारी सिंह दिनकर के पौत्र अरविंद दिनकर, पूर्व विधान पार्षद राधामोहन शर्मा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुमार राघवेंद्र ने की। मौके पर वरिष्ठ शिक्षक एसके झा को दिनकर विद्यासागर सम्मान से सम्मानित किया गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।