जातीय जनगणना का समर्थन करती रही है भाजपा : सम्राट
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जातीय जनगणना कराने के केंद्र सरकार के निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक कदम है और विपक्षी दल केवल राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस ने पहले जातीय जनगणना का...

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने देश में जातीय जनगणना कराने के केंद्र सरकार के ऐतिहासिक निर्णय की सराहना की है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह एक सकारात्मक कदम है। इस मसले पर कांग्रेस, राजद और विपक्षी गठबंधन के दलों ने जाति जनगणना पर केवल राजनीति की। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस तो आजादी के बाद नेहरू काल से मनमोहन सरकार तक जातीय जनगणना और आरक्षण के विरोधी रही। कांग्रेस को 2014 में सत्ता से बाहर होने के बाद ही जातीय जनगणना की याद आयी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी जातियों के विकास के लिए यह निर्णय किया।
बिहार में नीतीश कुमार ने भी जातीय सर्वेक्षण कराया। एनडीए ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया, राजनीति नहीं की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और गृहमंत्री अमित शाह ने सितंबर 2024 में कई बार स्पष्ट किया था कि संगठन और सरकार जातीय जनगणना के पक्ष में है। भाजपा ने कभी जातीय जनगणना का विरोध नहीं किया। उन्होंने कहा कि किसी जाति या समुदाय की भलाई के लिए सरकार को आंकड़ों की जरूरत होती है। ऐसा पहले भी हो चुका है, लेकिन इसे सिर्फ समाज की भलाई के लिए किया जाना चाहिए, समाज में कटुता फैलाने के लिए नहीं। जो कांग्रेस जातीय जनगणना का लगातार विरोध करती रही, वही लोकसभा चुनाव से पहले जातीय जनगणना की सबसे बड़ी पैरोकार बनने का नाटक करने लगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।