बांका : शंभूगंज प्रखंड के झखरा पंचायत में महारूद्र यज्ञ को लेकर निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा, गांव में उत्सवी माहौल
शंभूगंज प्रखंड के झखरा पंचायत में शुक्रवार को महारूद्र यज्ञ के लिए भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन हुआ। इस शोभायात्रा में श्रद्धालुओं, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया, जिससे धार्मिक उल्लास का माहौल बना।...

शंभूगंज (बांका) – शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत झखरा पंचायत गांव में शुक्रवार को महारूद्र यज्ञ के आयोजन को लेकर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालु महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरे गांव में धार्मिक और सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण बन गया। सुबह विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश यात्रा की शुरुआत हुई। शोभायात्रा गांव के यज्ञ स्थल से निकलकर गाजे-बाजे और शंखध्वनि के साथ आसपास के क्षेत्रों से होते हुए समीपवर्ती जल स्रोत तक पहुँची, जहाँ श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा। इसके पश्चात कलशों को सिर पर धारण कर पुनः यज्ञ स्थल तक लाया गया।
महिलाओं की पारंपरिक वेशभूषा और उनके द्वारा गाए जा रहे भक्ति गीतों ने शोभायात्रा को और भी मनमोहक बना दिया। कलश यात्रा में करीब पाँच सौ से अधिक श्रद्धालु सम्मिलित हुए। गांव के युवा, बच्चे और बुजुर्ग भी इस धार्मिक अनुष्ठान में सक्रिय रूप से शामिल रहे। आयोजन समिति की ओर से पूरे मार्ग पर सुरक्षा, स्वच्छता और पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई थी। यज्ञाचार्य पंडितों ने बताया कि आगामी सात दिनों तक यज्ञ का आयोजन विधिवत रूप से चलेगा, जिसमें प्रतिदिन हवन, प्रवचन, भजन-कीर्तन और संत-सत्संग का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीणों में यज्ञ को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।