बिहार में रेप पीड़िता की मां का इलाज करने गए डॉक्टर को पेड़ से बांध कर पीटा, VIDEO दिखा तेजस्वी ने तालिबान से की तुलना
तेजस्वी यादव ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘बिहार में तालिबान से भी बदतर स्थिति है। गया जिला में बलात्कार पीड़िता की मां का इलाज करने गए डॉक्टर को आरोपियों ने पेड़ से बांधकर पीट-पीट कर खून से लथपथ कर दिया।'

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि गया जी में एक ऐसे चिकित्सक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई जो एक रेप पीड़िता की मदद करने गए थे। तेजस्वी यादव ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें एक शख्स पेड़ से बंधा नजर आ रहा है। राजद नेता तेजस्वी यादव का दावा है कि जिस शख्स को पेड़ से बांध कर पीटा गया है वो पेशे से डॉक्टर हैं और वो रेप पीड़िता की मां का इलाज करने पहुंचे थे। लेकिन इस दौरान भीड़ ने उनकी पिटाई कर दी। तेजस्वी यादव ने इसकी तुलना तालिबान से की है।
तेजस्वी यादव ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘बिहार में तालिबान से भी बदतर स्थिति है। गया जिला में बलात्कार पीड़िता की मां का इलाज करने गए डॉक्टर को आरोपियों ने पेड़ से बांधकर पीट-पीट कर खून से लथपथ कर दिया। 20 वर्षों की भ्रष्ट NDA सरकार में पुलिस और प्रशासन अपराध रोकने, अपराधियों को पकड़ने, सजा एवं न्याय दिलाने में बिल्कुल असमर्थ है इसलिए जिसकी जहां मर्जी जैसे मर्जी कानून को लोग हाथों में ले रहे है। बिहार में अराजक स्थिति है। मुख्यमंत्री अचेत है, सरकार नशे में है। अधिकारी और मंत्री खजाना लूटने में मस्त-व्यस्त तथा शासन अस्त-पस्त है।’
जानकारी के मुताबिक, यह घटना गया जी के फतेहपुर की है। फतेहपुर में ग्रामीण चिकित्सक को पेड़ से बांधकर ग्रामीणों ने बुरी तरह पीटा है। ग्रामीण चिकित्सक जितेंद्र यादव (50) गुरपा थाना क्षेत्र के हाराकुरहा गांव में एक महिला के इलाज को पहुंचे थे। हालांकि, गुरपा थाना क्षेत्र के झुरांग गांव के रहने वाले चिकित्सक पर ग्रामीणों का आरोप है कि महिला से उसके गलत संबंध हैं। आरोप है कि मंगलवार को लोगों ने उन्हें आपत्तिजनक हालत में देखा।
रेप मामले में मदद की इसलिए पीटा- महिला
वहीं महिला का कहना है कि दुष्कर्म के एक मामले में चिकित्सक ने उनकी मदद की थी। इस कारण उनकी पिटाई की गई है। इधर, सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने पेड़ से बंधे घायल ग्रामीण चिकित्सक को छुड़ाकर उन्हें इलाज के लिए सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया। यहां से बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया गया। गुरपा थाना प्रभारी थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि फिलहाल लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस अपनी ओर से जांच-पड़ताल कर रही है। आवेदन मिलते ही एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।