बिहार के अररिया में कपड़ा कारोबारी के बेट की हत्या, बाजार बंद कर प्रदर्शन
घटना की जानकारी लोगों को तब हुई जब वो बुधवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जैसे ही लोगों की नजर युवक शव पर पड़ी उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। फिर इसकी सूचना फुलकाहा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही फुलकाहा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी।

बिहार के अररिया जिले में नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा थाना क्षेत्र स्थित अंचरा-नरपतगंज मुख्य मार्ग पर बुधवार की सुबह खून से लथपथ 20 वर्षीय युवक का शव मिलते ही सनसनी फैल गई। युवक की पहचान नवाबगंज पंचायत के फुलकाहा वार्ड संख्या दो निवासी व कपड़ा व्यसायी अशोक गुप्ता के बेटे दीपू कुमार गुप्ता के रूप में की गई है। प्रथम दृष्टया कनपटी में गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आ रहा है। मंगलवार शाम से ही दीपू घर से गायब था। साथियों के साथ कहीं निकला था। बुधवार की सुबह उनका शव बरामद हुआ।
घटना की जानकारी लोगों को तब हुई जब वो बुधवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जैसे ही लोगों की नजर युवक शव पर पड़ी उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। फिर इसकी सूचना फुलकाहा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही फुलकाहा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। इसके बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपू मंगलवार की शाम करीब चार बजे अपने घर से किसी दोस्त के साथ निकला था।
देर रात तक जब वापस नहीं आया तो उसके मोबाइल पर कॉल किया लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था। इसके बाद कुछ नहीं चला। बुधवार की सुबह पता चला कि युवक को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हालांकि, पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इधर घटना को लेकर फुलकाहा बाजार के लोग काफी आक्रोशित हैं।
घटना के बाद मृतक के घरों में कोहराम मचा हुआ है। घटना के विरोध में फुलकाहा बाजार बंद कर ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे हैं। इधर फुलकाहा थानेदार दीपक कुमार ने बताया कि युवक की हत्या हुई है। मामले की छानबीन की जा रही है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।