Vinod Gunjiyal new CEO of Bihar will conduct assembly elections KK Pathak on central deputation विनोद गुंजियाल बिहार के नए सीईओ, विधानसभा चुनाव कराएंगे; केके पाठक को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति, Bihar Hindi News - Hindustan
Hindi Newsबिहार न्यूज़Vinod Gunjiyal new CEO of Bihar will conduct assembly elections KK Pathak on central deputation

विनोद गुंजियाल बिहार के नए सीईओ, विधानसभा चुनाव कराएंगे; केके पाठक को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल को बिहार का मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह सचिव, निर्वाचन विभाग के पद पर पदस्थापित किया है। शनिवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने इससे संबंधित अलग-अलग अधिसूचना जारी की।

sandeep हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटनाSat, 26 April 2025 10:30 PM
share Share
Follow Us on
विनोद गुंजियाल बिहार के नए सीईओ, विधानसभा चुनाव कराएंगे; केके पाठक को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति

राज्य सरकार ने राजस्व पर्षद के अध्यक्ष सह सदस्य केशव कुमार पाठक (केके पाठक) एवं खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रधान सचिव डॉ. एन सरवन कुमार को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की मंजूरी दे दी है। वहीं, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल को बिहार का मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह सचिव, निर्वाचन विभाग के पद पर पदस्थापित किया है। शनिवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने इससे संबंधित अलग-अलग अधिसूचना जारी की।

अधिसूचना के अनुसार, केके पाठक को नवनियुक्त पद पर योगदान देने के लिए एक मई 2025 के प्रभाव से विरमित किया गया है। उन्हें केंद्रीय कैबिनेट का अपर सचिव बनाया गया है। वहीं, डॉ. एन. सरवन कुमार दिल्ली विकास प्राधिकार के उपाध्यक्ष बने हैं। वर्तमान पद का त्याग करने की तिथि से डॉ. सरवन को विरमित माना जाएगा। मालूम हो कि केके पाठक 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं।

वहीं, डॉ. एन. सरवन कुमार 2000 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। जबकि, विनोद सिंह गुंजियाल 2007 बैच के आईएएस हैं। एक दिन पूर्व, भारत निर्वाचन आयोग ने विनोद सिंह गुंजियाल को बिहार का मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नामित किए जाने की अधिसूचना जारी किया था। बिहार विधानसभा का आगामी चुनाव गुंजियाल के ही मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा।