बिहार में मॉनसून कब आएगा? सीमांचल से प्रवेश की संभावित तारीख आई, झमाझम बरसेंगे मेघ
Bihar Monsoon Update: बिहार में मॉनसून नियत समय से एक सप्ताह पहले आने के आसार जताए जा रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक इस बार 4 जून को सीमांचल के रास्ते बिहार में मॉनसून की एंट्री हो सकती है।

Bihar Monsoon Date: बिहार में इस बार मॉनसून तय समय से पहले आने वाला है। अनुमान के मुताबिक मॉनसून एक सप्ताह पहले सीमांचल के रास्ते बिहार में प्रवेश करेगा। इस साल पूर्णिया समेत पूरे सीमांचल में अतिवृष्टि के आसार बन रहे हैं। यानी कि इस बार उम्मीद से ज्यादा बारिश होगी। बताया जा रहा है कि पूर्णिया समेत पूरे सीमांचल और नेपाल के तराई क्षेत्र में मॉनसून के प्रवेश की संभावित तारीख 4 जून है। इस मॉनसून सीजन बारिश का रिकॉर्ड पिछले साल के मुकाबले टूटने के आसार जताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बिहार के सीमांचल में अन्य सालों की अपेक्षा नियत समय से एक सप्ताह पहले मॉनसून दस्तक दे रहा है। मॉनसून के तेवर अभी कड़े हैं। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि इस साल अतिवृष्टि होगी। इससे धान की खेती करने वाले किसानों को लाभ मिलेगा। एक आकलन के अनुसार 4 जून को सीमांचल में मॉनसून प्रवेश कर जाएगा।
बताया जा रहा है कि अगर समय से पहले आ रहे मॉनसून से लगातार भारी बारिश होती रही तो इस बार भयंकर बाढ़ की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। यह भी बता दें कि प्री-मॉनसून पीरियड में भी लगातार बारिश होती रही है। इससे मक्का और मूंग के किसानों की परेशानी बढ़ गई। प्री-मॉनसून खत्म होने में अभी 3-4 दिन बाकी है। सीमाचंल समेत पूरे बिहार में प्री-मॉनसून बारिश की संभावना 1 जून तक बनी हुई है।
बता दें कि इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की केरल में 8 दिन पहले एंट्री हो गई। केरल में मॉनसून आम तौर पर 1 जून को आता है, लेकिन इस बार 24 मई को ही इसने दस्तक दे दी थी। इससे अन्य राज्यों में भी समय से पहले मॉनसूनी बारिश शुरू होने के आसार हैं।