बिहार में पिंक बस कब से चलेंगी, महिलाओं के लिए क्या सुविधाएं होंगी; जानें सब कुछ
बिहार में जल्द ही पिंक बस दौड़ने लगेंगी। विधानसभा चुनाव से पहले पटना, भागलपुर समेत चार शहरों में पिंक बस का संचालन शुरू हो जाएगा। इन बसों को खास तौर पर महिलाओं के लिए ही डिजाइन किया जा रहा है।

चुनावी साल में बिहार की महिलाओं के लिए नीतीश सरकार पिंक बस की सुविधा देने जा रही है। इस साल के बजट भाषण में घोषणा होने के बाद परिवहन विभाग ने पिंक बस को सड़कों पर उतारने की कवायद तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले बिहार के चार शहरों में पिंक बस का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। राजधानी पटना के अलावा मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया में इन बसों का संचालन होगा। पिंक बस को खास तौर महिलाओं के लिए डिजाइन किया जा रहा है। इसमें सवारी से लेकर ड्राइवर और कंडक्टर, सभी महिलाएं ही होंगी। महिलाओं की सुरक्षा और मनोरंजन का भी इसमें खास ध्यान रखा जाएगा।
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार पिंक बस का उद्घाटन पटना में किया जाएगा। इसके बाद भागलपुर और पूर्णिया बस डिपो को बसें भेजी जाएंगी। जून के पहले सप्ताह में पिंक बस आने की संभावना है। भागलपुर और पूर्णिया बस डिपो के प्रबंधक ने कागजी कार्यवाही भी पूरी कर ली है। पहले चरण में भागलपुर और पूर्णिया को दो-दो पिंक बस मिलेंगी। अगर यह प्रोजेक्ट सफल रहा, तो बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही अन्य शहरों में भी पिंक बस का संचालन किया जाएगा।
महिलाओं और लड़कियां ही करेंगी सफर, ये होंगी सुविधाएं
पिंक बस में सिर्फ महिलाओं और लड़कियों को ही सफर करने की अनुमति होगी। कामकाजी महिलाओं, स्कूल एवं कॉलेज की छात्राओं को ध्यान में रखते हुए ये बस चलाने का फैसला लिया गया है। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख स्थानों को ध्यान में रखते हुए इसका रूट तैयार किया गया है।
पिंक बस में महिला यात्रियों के मनोरंजन के लिए ऑडियो की सुविधा भी होगी। सुरक्षा को लेकर स्थानीय थाना और यातायात पुलिस को कई तरह के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बस को जीपीएस से ट्रैक किया जाएगा। इनका संचालन सुबह 8 से रात 8 बजे के बीच किया जाएगा। इसका किराया भी कम ही होगा।