IND vs NZ: गिल का शतक की दहलीज पर टूटा दिल, कोहली के अनचाहे क्लब में एंट्री; रोहित को WTC में पछाड़ा
- शुभमन गिल इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड तीसरे टेस्ट में शतक से चूक गए। वह 90 रन बनाकर पवेलियन लौटे। गिल ने विराट कोहली के अनचाहे क्लब में एंट्री की है। उन्होंने डब्ल्यूटीसी 2023-25 में रोहित शर्मा को पछाड़ दिया।
भारत के स्टार क्रिकेटर शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट की पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी की। हालांकि, गिल का शनिवार को शतक की दहलीज पर पहुंचकर दिल टूट गया। वह 10 रन से सेंचुरी से चूक गए। उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 146 गेंदों में 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 90 रन की पारी खेली। 25 वर्षीय गिल ने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के एक अनचाहे क्लब में एंट्री की है।
25 की उम्र में चौथी बार हुआ ऐसा
दरअसल, गिल 25 साल की उम्र में इंटरनेशनल मैचों में सबसे ज्यादा बार नर्वस नाइनटीज का शिकार होने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वह अपने करियर में अभी तक 4 बार 90 या उससे अधिक रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं। वहीं, कोहली ने भी 25 साल की उम्र तक इतनी ही बार नर्वस नाइनटीज झेला। लिस्ट में ऋषभ पंत (6) टॉप पर हैं। सचिन तेंदुलकर (5) और राहुल द्रविड़ (5) संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं।
वानखेड़े में दूसरी बार नर्वस नाइनटीज
गिल वानखेड़े स्टेडियम में दूसरी बार नर्वस नाइनटीज का शिकार हुए हैं। उनसे ज्यादा बार यहां 90 पर आउट होने वाले खिलाड़ी सचिन (3) हैं। वहीं, 14 अलग-अलग खिलाड़ी वानखेड़े में एक-एक बार नर्वस नाइनटीज झेल चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक मर्तबा नर्वस नाइनटीज का रिकॉर्ड सचिन के नाम दर्ज है, जो 10 बार 90 प्लस बनाकर आउट हुए। दूसरे नंबर पर द्रविड़ (9) हैं। इस फेहरिस्त में गिल संयुक्त रूप से छठे पायदान पर हैं।
टेस्ट में सबसे ज्यादा नर्वस नाइनटीज का शिकार होने वाले भारतीय
10 -सचिन तेंदुलकर
9 - राहुल द्रविड़
7 - ऋषभ पंत
5 - सुनील गावस्कर
5 - एमएस धोनी
4 - नवजोत सिंह सिद्धू
4 - वीवीएस लक्ष्मण
4 - वीरेंद्र सहवाग
3 - अजित वाडेकर
3 - मोहिंदर अमरनाथ
3 - दिलीप वेंगसरकर
3 - सौरव गांगुली
3 - मुरली विजय
3 - शुभमन गिल*
गिल ने रोहित को WTC में पछाड़ा
गिल ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023-25 चक्र में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले रोहित शर्मा को पछाड़ दिया है। गिल सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। गिल के खाते में फिलहाल 13 टेस्ट मैचों में 878 रन हैं। रोहित के बल्ले से 14 मैचों में 822 रन निकले हैं। गिल-रोहित से आगे यशस्वी जायसवाल (14 मैचों में 1402) हैं। ओवरऑल लिस्ट में गिल दसवें और यशस्वी दूसरे पायदान पर हैं। इंग्लैंड के जो रूट (19 मैचों में 1750) टॉप पर हैं।