himachal pradesh weather update yellow alert for eight districts हिमाचल में बारिश, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी, 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़himachal pradesh weather update yellow alert for eight districts

हिमाचल में बारिश, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी, 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में तेज गर्मी के बीच अब मौसम के तेवर बदलने वाले हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इसके चलते विभाग ने 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

Subodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, शिमलाFri, 25 April 2025 05:17 PM
share Share
Follow Us on
हिमाचल में बारिश, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी, 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में तेज गर्मी के बीच अब मौसम के तेवर बदलने वाले हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इसके चलते विभाग ने 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को प्रदेश में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को खासा परेशान किया, खासकर मैदानी क्षेत्रों में चुभती धूप से गर्मी का प्रकोप महसूस किया गया।

हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान से राहत की उम्मीद की जा सकती है। विभाग का कहना है कि 26 अप्रैल यानी शनिवार को प्रदेश के मध्यवर्ती और उच्च पर्वतीय इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है। इस दिन चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे जिलों में बारिश, गरज-चमक के साथ तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इन सभी जिलों में विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

इन क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने की सलाह दी है। वहीं मैदानी जिलों जैसे ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सोलन में मौसम के साफ रहने के आसार हैं।

इसके अलावा 27 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। राज्य के अन्य भागों में मौसम मुख्यतः साफ रहेगा। 28 और 29 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलेगी। हालांकि महीने के अंत यानी 30 और 31 अप्रैल को मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। लाहौल घाटी में स्थित गोंदला में 3 सेंटीमीटर हिमपात हुआ वहीं केलांग में भी हल्का हिमपात देखने को मिला। हालांकि इन गतिविधियों का तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा जिससे गर्मी का अहसास जारी रहा।

न्यूनतम तापमान में जरूर थोड़ा बदलाव दर्ज किया गया है। शुक्रवार को औसतन न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई। शिमला में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री, सुंदरनगर में 14.5 डिग्री, भुंतर में 11.8 डिग्री, कल्पा में 5.5 डिग्री, धर्मशाला में 17.8 डिग्री, उना में 13 डिग्री, नाहन में 18.9 डिग्री, केलंग में 0.7 डिग्री, पालमपुर में 22 डिग्री, सोलन में 12.6 डिग्री, मनाली में 9.9 डिग्री, कांगड़ा में 17 डिग्री, मंडी में 16.1 डिग्री और बिलासपुर में 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।