कोई रास्ता नहीं निकला तो... रूस और यूक्रेन से परेशान डोनाल्ड ट्रंप ने कह दी बड़ी बात
- रूस और यूक्रेन के बीच पीस डील करवाने को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर दोनों देश इसे कठिन बना देते हैं तो अमेरिका भी दोनों को छोड़कर आगे बढ़ जाएगा।
रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम करवाने के लिए अमेरिका पूरी कोशिश में लगा है। यूक्रेन कई बार डोनाल्ड ट्रंप पर पक्षपात का आरोप लगा चुका है। उसका कहना है कि डोनाल्ड ट्रंप रूस का फायदा करवाना चाहते हैं। वहीं अमेरिका ने खुलकर जता दिया है कि वह क्रीमिया के यूक्रेनी इलाके को भी रूस को ही दिलवा देना चाहता है। डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों को अल्टिमेटम देते हुए कहा है कि अगर दोनों अड़ियल रवैया अपनाते हैं तो वह पीस डील को ही छोड़ देंगे। विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शुक्रवार को कहा कि अगर तत्काल युद्धविराम को लेकर कोई प्रगति नहीं होती है तो अमेरिका इससे दूरी बना लेगा।
2014 में क्रीमिया पर रूस ने कब्जा कर लिया था। इसके बाद रूस ने यहां जनमत संग्रह भी करवाया था। हालांकि वैश्विक समुदाय ने इसे रूस का हिस्सा मानने से इनकार कर दिया था। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की बार-बार कह चुके हैं कि वह इसे रूस को सौंपने को तैयार नहीं है। हालांकि अगर अमेरिका पीस डील के बदले इस मामले में रूस का साथ देने को तैयार हो जाता है तो उसे बड़ा फायदा मिलने वाला है। इसी बहाने क्रीमिया को रूस का हिस्सा माना जा सकता है। फिलहाल पुतिन ने भी डोनाल्ड ट्रंप की पीस डील को मानने से इनकार किया है।
क्रीमिया को लेकर अमेरिका विदेश मंत्रालय ने कोई स्पष्ट बात नहीं कही है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच वार्ता अब ऐेसे स्तर पर पहुंच चुकी है, जिसमें कुछ निष्कर्ष निकलना चाहिए, लेकिन दोनों में से कोई भी देश उनके (ट्रंप) युद्ध समाप्त कराने के प्रयासों का समर्थन नहीं कर रहा है।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, ‘अगर किसी कारण से दोनों में से कोई एक पक्ष इसे बहुत कठिन बना देता है तो हम कह देंगे कि आप मूर्ख हैं और फिर हम इसे छोड़ देंगे।’ यह पूछे जाने पर कि क्या रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन वार्ता में देरी कर रहे हैं तो इसके जवाब में ट्रंप ने कहा, ‘मुझे लगता है कि ऐसा नहीं है।’
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।