Sunita Williams: अंतरिक्ष में 'फंसीं' सुनीता विलियम्स की तो लग गई लॉटरी, मिलेंगे इतने रुपये एक्स्ट्रा
- सुनीता विलियम्स की सैलरी में कोई बदलाव नहीं होगा, लेकिन फिर भी सुनीता और विल्मोर की लॉटरी लगेगी। दरअसल सैलरी के अलावा दोनों को प्रति दिन लगभग 347 रुपये का व्यक्तिगत भत्ता अतिरिक्त जरूर मिलेगा।

Sunita Williams: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के लंबे समय से फंसे अंतरिक्ष यात्रियों बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स के स्थान पर अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को तैनात करने के लिए एक दिन पहले रवाना हुआ 'स्पेसएक्स' का यान रविवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंच गया। इसके साथ ही विलियम्स और विल्मोर की वापसी का रास्ता साफ हो गया। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे चार नए अंतरिक्ष यात्री अमेरिका, जापान और रूस का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वे कुछ दिन विलियम्स और विल्मोर से स्टेशन के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। इसके बाद 19 मार्च को सुनीता और विल्मोर वापस पृथ्वी पर लौट आएंगे। दोनों अंतरिक्ष में नौ महीने से फंसे हुए थे और अब वापसी हो रही है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या सुनीता और विल्मोर को अंतरिक्ष में ज्यादा समय तक रहने के चलते अतिरिक्त पैसे दिए जाएंगे?
सैलरी में बदलाव नहीं, लेकिन इतने रुपये मिलेंगे एक्स्ट्रा
नासा के सेवानिवृत्त अंतरिक्ष यात्री कैडी कोलमैन के अनुसार, अंतरिक्ष यात्रियों को विशेष ओवरटाइम वेतन नहीं मिलता है। चूंकि वे सरकारी कर्मचारी हैं, इसलिए अंतरिक्ष में उनका समय पृथ्वी पर उनके कर्तव्यों के समान ही नियमित कार्य घंटे माना जाता है। नासा आईएसएस में उनके भोजन और अन्य खर्चों को वहन करता है, लेकिन उनकी सैलरी में कोई बदलाव नहीं होता, लेकिन फिर भी सुनीता और विल्मोर की लॉटरी लगेगी। दरअसल सैलरी के अलावा दोनों को प्रति दिन $4 (लगभग ₹347) का व्यक्तिगत भत्ता अतिरिक्त जरूर मिलेगा।। कोलमैन, जिन्होंने 2010 और 2011 के बीच मिशन पर 159 दिन बिताए, को अतिरिक्त $636 (लगभग ₹55,000) मिले थे।
सुनीता विलियम्स को मिलेंगे एक्स्ट्रा एक लाख रुपये
इसी तरह, अपने 287-दिन के अंतरिक्ष प्रवास के लिए, सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को प्रत्येक को अतिरिक्त $1,148 (लगभग 1 लाख रुपये) मिलेंगे। सुनीता विलियम्स और विल्मोर को GS-15 वेतन ग्रेड के तहत वर्गीकृत किया गया है, जो अमेरिकी सरकार की सामान्य अनुसूची (GS) प्रणाली में उच्चतम स्तर है। इस ग्रेड के लिए वार्षिक आधार वेतन $125,133 से $162,672 (लगभग ₹1.08 करोड़ से ₹1.41 करोड़) तक है। आईएसएस पर अपने नौ महीने के प्रवास के दौरान, वे $93,850 से $122,004 (लगभग ₹81 लाख से ₹1.05 करोड़) के बीच कमाएंगे। $1,148 के अपने अतिरिक्त व्यक्तिगत भत्ते को शामिल करते हुए, उनकी कुल कमाई $94,998 से $123,152 (लगभग ₹82 लाख से ₹1.06 करोड़) तक होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।