Tragic Road Accident Claims Life of 36-Year-Old Police Constable Neelmani Paswan in Deoghar मोहनपुर : सड़क हादसे में पुलिस जवान की मौत, Deogarh Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsDeogarh NewsTragic Road Accident Claims Life of 36-Year-Old Police Constable Neelmani Paswan in Deoghar

मोहनपुर : सड़क हादसे में पुलिस जवान की मौत

देवघर प्रतिनिधिदेवघर-गोड्डा सड़क पर मोहनुपर थानांतर्गत चोपा मोड़ के समीप हाई स्कूल मोहनपुर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गोड्डा जिला बल के 3

Newswrap हिन्दुस्तान, देवघरSat, 3 May 2025 03:16 AM
share Share
Follow Us on
मोहनपुर : सड़क हादसे में पुलिस जवान की मौत

देवघर प्रतिनिधि देवघर-गोड्डा सड़क पर मोहनुपर थानांतर्गत चोपा मोड़ के समीप हाई स्कूल मोहनपुर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गोड्डा जिला बल के 36 वर्षीय जवान नीलमणि पासवान की मौत हो गई। दुर्घटना शुक्रवार देर रात हुई। मृतक मूल रूप से रिखिया थाना के महेशमारा, खोरी महुआ निवासी था। हालांकि वर्तमान में कुंडा थाना के ठाढ़ीदुलामपुर में घर बनाकर रहता था। मृतक की पत्नी नीलम कुमारी को घटना की जानकारी होने पर देर रात सदर अस्पताल पहुंची। मृत पति का शव देखकर बेहोश हो गई। मृतक जवान की 34 वर्षीया पत्नी नीलम कुमारी ने बताया कि पति- नीलमणि ने 1 सितंबर 2011 को देवघर जिला बल में योगदान दिया था।

वर्तमान में गोड्डा जिला बल में तैनात थे। पुलिस को दिए गए अपने बयान में बताया कि 1 मई की रात करीब 9:46 बजे पति का फोन आया था, जिसमें बताया था कि वह देवघर लौट रहे हैं। उसके कुछ समय बाद ही अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया जिसने बताया कि नीलमणि पासवान सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए हैं। दुर्घटना देवघर-गोड्डा मुख्य सड़क पर जैप-05 चोपा मोड़ से आगे हाई स्कूल के बीच हुई। घायल अवस्था में ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस से सदर अस्पताल ले जाया गया। ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बयान के अनुसार, नीलमणि अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से तेज गति और लापरवाही से आ रहे अज्ञात भारी वाहन चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि नीलमणि घटनास्थल पर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक जवान को पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी :- सड़क दुर्घटना में मृत गोड्डा जिलाबल के पुलिस जवान नीलमणि पासवान को देवघर पुलिस लाइन, डाबर ग्राम में अंतिम सलामी दी गई। पोस्टमार्टम के बाद जवान का शव पुलिस लाइन ले जाने पर वहां का माहौल गमगीन हो गया। सैकड़ों पुलिस पदाधिकारी, जवान और सहकर्मियों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि देते हुए शोक सलामी दी। पुलिस पदाधिकारियों ने शोकसंतप्त परिजनों को ढाढ़स बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। श्रद्धांजलि के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव भेज दिया गया। कुशल कबड्डी खिलाड़ी था नीलमणि, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी लिया था भाग :- सड़क दुर्घटना में मृत पुलिस जवान नीलमणि पासवान कुशल कबड्डी खिलाड़ी भी था। कई बार राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिताओं में खेल का लोहा मनवा चुका था। पुलिस विभाग द्वारा आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में चैंपियन रह चुका था। उससे खेल प्रतिभा को व्यापक पहचान मिली थी। नीलमणि ने न सिर्फ राज्य, बल्कि देश का भी प्रतिनिधित्व किया था। वह एक बार अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में भी भाग ले चुका था, जो कॅरियर का गौरवपूर्ण क्षण था। आरक्षी नीलमणि पासवान की मौत मर्माहत करने वाला, निजी क्षति : डॉ. सुनील खवाड़े देवघर जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने गोड्डा जिला में पदस्थापित पुलिस जवान नीलमणि पासवान के सड़क हादसे में असामयिक निधन पर शोक व दु:ख प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि नीलमणि पासवान होनहार युवक था। अचानक यूं चला जाना स्तबधकारी व मर्माहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि चूंकि वह कबड्डी संघ से जुड़े थे और पड़ोसी भी थे, इस वजह से मेरा व्यक्तिगत जुड़ाव था। यह मेरी निजी क्षति है। कहा कि नीलमणि न केवल कर्त्तव्यनिष्ठ पुलिस जवान बल्कि बहुत प्रतिभावान कबड्डी खिलाड़ी भी थे। उनमें अद्भुत अनुशासन था। राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक तक प्राप्त किया था। डॉ. खवाड़े ने शोक की इस बेला में दिवंगत पासवान के परिवारजनों के साथ संवेदना प्रकट करते हुए मृत आत्मा के शांति की प्रार्थना की है। साथ ही कबड्डी संघ के सचिव धर्मेंद्र देव, बीरेंद्र सिंह, आलोक सहित संघ के तमाम सदस्यों ने अपने होनहार व प्रतिभावान खिलाड़ी व सदस्य के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा के चिर शांति की प्रार्थना की है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।