अपहृत सरोज सहित चार युवकों को पुलिस धनबाद लेकर लौटी
पुलिस ने मुनीडीह ओपी की आमडीह बस्ती से अपहृत सरोज कुमार महतो सहित चार युवकों को धनबाद में सुरक्षित बरामद किया है। अपहरणकर्ताओं ने 3 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की थी। भाई मनोज कुमार महतो ने शिकायत...

पुटकी, प्रतिनिधि मुनीडीह ओपी की आमडीह बस्ती से अपहृत सरोज कुमार महतो सहित चार युवकों को पुलिस धनबाद ले आई है। पुलिस ने चारों को कहीं रख कर उनसे पूछताछ कर रही है। चारों रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। अपहृत युवक का छोटा भाई मनोज कुमार महतो ने मुनीडीह ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि गत 26 अप्रैल को तीनों युवकों को रांची से मुंबई ले जाकर अपहरण कर लिया गया है। भाई ने दावा किया था कि अपहरणकर्ता तीन करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की है। मनोज ने बताया था कि उन्होंने स्पर्श चेरिटेबल ट्रस्ट के खाते में 4.95 लाख रुपए ट्रांसफर भी किए थे, लेकिन बाकी रकम के लिए लगातार फोन पर धमकी दी जा रही थी।
फोन भी अपहृत सरोज के ही मोबाइल से आ रहे थे। तीनों के सकुशल वापस लौटने से घरवालों के साथ-साथ पुलिस ने भी राहत की सांस ली है। पुलिस रविवार को पूरे प्रकरण का खुलासा करेगी। शनिवार को कुछ युवक पुटकी थाना पहुंचे। डीएसपी लॉ एंड आर्डर नौशाद आलम ने भी अपहृतों से पूछताछ की। उन्होंने फिलहाल इस संबंध में कुछ भी बताने से इनकार किया। पुलिस अपहृतों की बातों का सत्यापन करने में जुटी है। उनके कई बातों पर पुलिस को संदेह भी है। युवकों की तलाशी में पुलिस की दो टीमें गठित की गई थीं। एक मुंबई व दूसरी रांची गई थी। सूत्रों के अनुसार पुलिस को अपहरण की घटना पर शक है। इसे लेन-देन से जोड़ कर भी जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता मनोज के अनुसार 26 अप्रैल को सरोज चंदवाडीह पंचायत, दुग्धा मुखिया चंदन सिंह के घर गया था। मुखिया का चालक कार से सरोज को रांची एयरपोर्ट ले गया। हवाई जहाज से सरोज व उनके दोस्तों को मुंबई ले जाया गया। इसके बाद 29 अप्रैल से मनोज से सरोज के मोबाइल से फिरौती मांगी जा रही थी। फिरौती की रकम स्पर्श चैरिटेबल ट्रस्ट (खाता संख्या 921020008658744, एक्सिस बैंक, पुणे) और एचडीएफसी (खाता संख्या 50200060216361, ठाणे, महाराष्ट्र) के खातों में मांगी जा रही थी। सरोज के भाई ने एचडीएफसी खाते में 4.95 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए थे। फिलहाल पुलिस युवकों से लगातार पूछताछ कर तथ्यों का खुलासा करने में जुटी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।