बादलों के साथ बूंदाबांदी ने दिलाई गर्मी से राहत
धनबाद में एक हफ्ते से चल रही भयंकर गर्मी के बाद लोगों को राहत मिली है। बादलों और हल्की बूंदाबांदी के कारण तापमान 32 डिग्री तक गिर गया। अगले चार दिन मौसम सुहाना रहने की संभावना है, जिसमें हल्की बारिश...

धनबाद, प्रमुख संवाददाता एक हफ्ते से भयंकर गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली। सुबह आसमान में छाए बादल और हल्की बूंदाबांदी की वजह से धनबाद का मौसम सुहाना हो गया। दिन का अधिकतम तापमान गिरकर 32 डिग्री पहुंच गया। गर्मी से परेशान लोगों को अगले चार दिनों तक मौसम राहत देने वाला है। रात में भी हल्की बारिश हुई।
पिछले 48 घंटे में तापमान में नौ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दो दिन पहले धनबाद का अधिकतम तापमान 41 डिग्री था। सोमवार को सुबह की शुरुआत ही बादलों भरे आसमान से हुई। कुछ देर के लिए बूंदाबांदी भी हुई। बारिश की वजह से न्यूनतम तापमान भी गिरकर 22 डिग्री पहुंच गया। सोमवार को दोपहर बाद फिर से धूप निकली तो गर्मी का एहसास हुआ। अगले चार दिनों तक धनबाद का अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार धनबाद समेत पूरे झारखंड में दो मई तक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होगी। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। कहीं-कहीं ठनका गिरने की भी संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।