मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना से पीरटांड़ का भाग्य बदलने की आस
पीरटांड़ में झारखंड सरकार की मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना से कृषि योग्य भूमि को पाइपलाइन से पानी मिलेगा, जिससे 197 गांवों में खेती-बाड़ी को बढ़ावा मिलेगा। यह 700 करोड़ रुपये की परियोजना कृषि में रोजगार...
पीरटांड़। झारखण्ड सरकार की महत्वकांक्षी मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना से पीरटांड़ की तस्वीर बदलनेवाली है। लगभग सात सौ करोड़ की लागत से पीरटांड़ की कृषि योग्य भूमि पर सिंचाई के लिए पाइप लाइन से पानी मिलेगा। पीरटांड़ के सभी 17 पंचायतों में खेती-बाड़ी से आर्थिक समृद्धि आएगी। खेती-बाड़ी से रोजगार की संभावना बढ़ने से मजदूरों का पलायन भी रुकेगा। पिछड़े प्रखण्ड में शुमार पीरटांड़ में बेहतर कृषि के लिए यह परियोजना तैयार की गई है। झारखण्ड सरकार की महत्वाकांक्षी मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना पर युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। गिरिडीह के विधायक सह मंत्री सुदिव्य कुमार की पहल पर कृषि के क्षेत्र में अनूठा प्रयास रंग लाने लगा है। लगभग सात सौ करोड़ रुपए इसमें खर्च होगा। पीरटांड़ के किसानों के लिए यह वरदान साबित होनेवाला है। पीरटांड़ के हर गांव की खेती योग्य भूमि में पाइपलाइन से पानी मिलेगा। खेतों में सालोंभर पानी मिलने से क्षेत्र के खेतों में सालों भर फसल उगेगी। गांव-गांव में खेती-बाड़ी से किसानों का मुनाफा भी बढ़ेगा। मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के धरातल पर उतरने से गांव के किसानों में आर्थिक समृद्धि में भी इजाफा होगा। पीरटांड़ में न केवल रोजगार की संभावना बढ़ेगी बल्कि क्षेत्र के मजदूरों का पलायन भी रुक जायेगा। योजना की सफलता के लिए विभागीय मंत्री के अलावा गिरिडीह विधायक सह मंत्री सुदिव्य कुमार गंभीर है। इससे स्थानीय किसानों में खुशी है।
सनद रहे कि योजना का कार्य भी शुरू हो गया है। पीरटांड़ के पूरे सतरह पंचायत में पाइपलाइन से जलापूर्ति के लिए कुम्हारलालो पंचायत के दुधनिया गांव से सटे बराकर नदी में वीयर बनाया जायेगा। बराकर नदी में वीयर बनाकर जल संग्रह किया जायेगा। नदी किनारे इंटेक वेल तथा पंप हॉउस बनाया जायेगा। पंप हॉउस से सभी सतरह पंचायत में पानी पहुंचाने के लिए पालगंज, चिरकी व बदगावां में डिलीवरी चेम्बर बनाया जायेगा। पालगंज से कुम्हारलालो, चिलगा, पालगंज, बिशनपुर व सिमरकोढ़ी पंचायत में तथा चिरकी से मधुबन, बांध, नावाडीह व भारती चलकरी में वहीं बदगांवा से हरलाडीह, कुड़को, मंडरो, तुइयो, खरपोका तथा खुखरा में भूमिगत पाइपलाइन से जल की आपूर्ति की जायेगी। मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना से पीरटांड़ प्रखण्ड के 197 गांवों के हजारों हेक्टयर कृषि योग्य भूमि में सिंचाई सुविधा मिलेगी। अभी से ही परियोजना पर युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। योजना की सफलता के बाद पीरटांड़ की तस्वीर बदलनेवाली है। मजदूरों का पलायन रुकेगा। मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना पीरटांड़ के लिए वरदान साबित होगा। इस बाबत गिरिडीह विधायक सह मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना पीरटांड़ में कृषि के क्षेत्र में रोजगार का अवसर पैदा करेगा। किसानों में खुशिहाली लौटेगी। पीरटांड़ के किसानों को रोजगार के लिए बाहर जाना नहीं पड़ेगा। सिंचाई की व्यवस्था से किसानों की आमदनी में इजाफा होगा।
क्या कहते हैं ग्रामीण
मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना से पीरटांड़वासियों के जीवन में बड़ा बदलाव आनेवाला है। हर खेत तक पानी पहुंचने से लोग सालोंभर खेती कर सकेंगे। -- दिनेश तुरी
700 करोड़ की परियोजना है। इतनी बड़ी सिंचाई परियोजना से क्षेत्र में हरियाली आएगी और यहां के किसानों की उन्नति में यह सहायक साबित होगी। --बबलू सोरेन
पीरटांड़ प्रखंड के लोग मेहनती हैं। साधन नहीं रहने के कारण वेलोग मजबूर थे। अब मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना से वे बेहतर ढंग से खेती-बारी कर सकेंगे।--अख्तर अंसारी
मंत्री सुदिव्य कुमार का प्रयास सराहनीय है। पिछड़ा पीरटांड़ प्रखंड के लिए यह मिल का पत्थर साबित होगा। केवल सही से इसे धरातल पर उतारने की जरुरत है। --बबलू सिंह
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।