नौलखा डैम का निर्माण शुरू, अधिकारियों ने लिया जायजा
धनवार नगर पंचायत ने जल संरक्षण और क्षेत्रीय विकास के लिए नौलखा डैम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंचा दिया है। यह डैम जल संग्रहण, सिंचाई और पर्यावरण संतुलन में मदद करेगा। अनुमंडल पदाधिकारी और...

राजधनवार, प्रतिनिधि। धनवार नगर पंचायत द्वारा क्षेत्र के समग्र विकास एवं जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत नौलखा डैम का निर्माण कार्य अंतिम अवस्था में है। यह डैम न केवल जल संग्रहण में सहायक होगा, बल्कि आस-पास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जल आपूर्ति, सिंचाई और पर्यावरणीय संतुलन हेतु भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। निर्माण कार्य की प्रगति का बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ अनिमेश रंजन तथा कार्यपालक पदाधिकारी हर्षवर्धन द्वारा संयुक्त रूप से धनवार नगर पंचायत के नौलखा डैम का निरीक्षण किया गया। ज्ञात रहे कि पिछली बारिश में नौलखा डैम का मेढ़ टूट जाने के कारण कार्य बंद हो गया था।
इसे एक बार प्रारंभ किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से वर्षा जल का संरक्षण, भूमिगत जल स्तर में सुधार तथा स्थानीय स्तर पर पर्यटन की संभावनाएं भी विकसित होंगी। डैम क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के लिए हरित पट्टी, पथ-निर्माण एवं बैठने की व्यवस्था जैसी अतिरिक्त सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह परियोजना जनता के सहयोग से समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएगी। डैम निर्माण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोपरि प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यपालक पदाधिकारी ने नगर पंचायत धनवार के सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की है ताकि यह विकास कार्य जनहित में सफलतापूर्वक पूर्ण हो सके और क्षेत्र को एक नई पहचान मिल सके। इस अवसर पर सहायक अभियंता, कनीय अभियंता तथा धनवार नगर पंचायत के नगर प्रबंधन रंजन कुमार पांडेय उपस्थित थे। ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।