सिकरुडीह में मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप
देवरी थाना क्षेत्र के सिकरुडीह गांव में 34 वर्षीय महिला कौशल्या देवी का शव बरामद हुआ। पति अशोक पंडित के घर में मारपीट की घटनाओं के बाद कौशल्या की मौत हुई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव...

देवरी, प्रतिनिधि। देवरी थाना क्षेत्र के सिकरुडीह गांव में सोमवार को एक 34 वर्षीय महिला कौशल्या देवी पति अशोक पंडित का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना के बाद मृतक महिला के मायके तिसरी से आये परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। इस संबंध में मृतक महिला के पिता तिसरी थाना क्षेत्र के नैयाडीह गांव निवासी तिलो पंडित ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री कौशल्या की शादी छह साल पूर्व सिकरुडीह गांव के अशोक पंडित के साथ की थी। दामाद अशोक अपने चार भाइयों में दूसरे नम्बर पर है। वह कोलकाता में चाय दुकान का संचालन कर परिवार का भरन पोषण करता है। दामाद अशोक के अपने घर में नहीं रहने पर कौशल्या को उसकी जेठानी व देवरानी कुछ दिनों से मारपीट कर प्रताड़ित करती रहती थी। जिसे लेकर सभी गोतनी के बीच आपसी समझौता कराया गया था। इसी क्रम में सोमवार को दस बजे दिन में फोन पर कौशल्या की मौत हो जाने की उनलोगों को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग सिकरुडीह गांव स्थित उसके घर पहुंचे तो वहां कौशल्या के कमरे में फर्श पर पड़ा हुआ उसका शव मिला। वहीं घर में उसके एक बुजुर्ग ससुर को छोड़ परिवार के अन्य सभी सदस्य वहां से फरार थे। उन्होंने अपनी पुत्री कौशल्या को उसके ससुराल के सदस्यों द्वारा जान बूझकर मारपीट करते हुए उसकी हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से जांचोपरांत कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर, घटना की सूचना के बाद देवरी थाना के एसआई रिशु सिन्हा, उपेन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गई। जहां पुलिस ने उत्तेजित लोगों को समझा बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। पुलिस अधिकारी रिशु सिन्हा ने बताया कि महिला के कमरे से सल्फास की गोली एवं अन्य घोल जैसा तरल पदार्थ मिला है। मामले की जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।