9वां अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन सिलीगुड़ी में 24, 25 को
नौवां अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन 24 और 25 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में होगा। यह सम्मेलन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उद्घाटन किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के 1000 प्रतिनिधियों के शामिल...

नौवां अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी स्थित विधाननगर में 24 और 25 अप्रैल को होगा। पश्चिम बंगाल में पहली बार संथाल सम्मेलन होने जा रहा है। समारोह का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगीं। यह जानकारी परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष नरेश कुमार मुर्मू ने मंगलवार को सर्किट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में देश-विदेश के 1000 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में भाषा, साहित्य, लिपि, संस्कृति, रीति-रिवाज सहित विभिन्न मसलों पर विचार मंथन किया जाएगा। इस दौरान सभी विषयों पर विचार-मंथन के लिए संथाल समाज के जानकार बुद्धिजीवी आमंत्रित किए गए हैं। सम्मेलन में पद्मश्री जमुना टुडू, चामी मुर्मू, दमयंती बेसरा, आईफा आइकॉन अवार्डी लांगतिती किस्कू तथा दादा साहेब फाल्के अवार्डी डोगोर टुडू को परिषद की ओर से सम्मानित किया जाएगा। नरेश मुर्मू ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय संथाल सम्मेलन हर 2 वर्ष पर होता था। नौंवा सम्मेलन 2020 में बांग्लादेश में प्रस्तावित था। परंतु पहले कोरोना और बाद में बांग्लादेश में उत्पन्न हिंसा और तनाव की घटनाओं की वजह से इसमें देर हुई। यही नहीं, इस बीच बांग्लादेश में परिषद के प्रमुख नेता रवीद्र नाथ सोरेन का निधन हो गया। मौके पर परिषद के महासचिव जसाई मुर्मू, सचिव शंकर हेंब्रम, प्रवक्ता मधु सोरेन, उड़ीसा इकाई के भीमवार मुर्मू, उपाध्यक्ष बसंती मुर्मू, महिला शाखा की सचिव सुमित्रा सोरेन और कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्रनाथ टुडू उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।