दुष्कर्म का आरोपी भाजपा का पूर्व नेता एक साल बाद गिरफ्तार
सीतारामडेरा के पूर्व भाजपा नेता जगजीत सिंह उर्फ सोनू को गोलमुरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म और एक लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया था। जगजीत ने महिला को नशीला पदार्थ देकर...

सीतारामडेरा के रहने वाले भाजपा के पूर्व नेता जगजीत सिंह उर्फ सोनू को गोलमुरी पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। केस दर्ज होने के बाद पार्टी ने उसे निष्कासित कर दिया था। जगजीत के खिलाफ एक साल पहले गोलमुरी थाने में एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही वह फरार चल रहा था। शनिवार को गोलमुरी पुलिस और सीतारामडेरा पुलिस जगजीत के आवास पहुंची, जहां पहले पुलिस ने इश्तेहार चिपकाकर उसे सरेंडर करने को कहा। सरेंडर नहीं करने पर पुलिस ने कुर्की करने की भी बात कही। इसके थोड़ी देर बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में महिला ने आरोप लगाया था कि जगजीत सिंह सोनू ने उसकी अश्लील तस्वीर भी वायरल कर दी थी। जगजीत सिंह सोनू ने उनको कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद दुष्कर्म किया था।
महिला से आरोपी ने लिए थे एक लाख रुपये उधर
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया था कि जगजीत सिंह सोनू अपने परिवार का कपड़ा सिलवाने उसके पास आता था। एक दिन उसने कहा कि उसे रुपयों की जरूरत है। इस पर महिला ने दो किस्त में एक लाख रुपये जगजीत को दे दिए। बाद में रुपये मांगा तो वह आनाकानी करने लगा। बाद में उसने कहा कि भुइयांडीह शमशान घाट के पास एक होटल में आओ और अपने रुपया ले लो। महिला उस होटल में गई तो वहां जगजीत ने तीन चेक दिए। इसके बाद कोल्ड ड्रिंक और नाश्ता मंगाकर खाने को कहा। नाश्ता के बाद कोल्ड ड्रिंक पीने पर चक्कर आने लगा और उसे नशा सा महसूस होने लगा। बेहोशी की हालत में जगजीत ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसी अवस्था में छोड़कर फरार हो गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।