सीएच एरिया गोलचक्कर पर चलती बाइक में लगी आग, अफरातफरी
सोमवार दोपहर बिष्टूपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया गोलचक्कर के पास एक दोपहिया वाहन में आग लग गई। चालक मनोज साहू ने धुआं देखकर बाइक छोड़ दी और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने में मदद की। मनोज का मानना है कि...

बिष्टूपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया गोलचक्कर के पास सोमवार दोपहर अचानक एक दोपहिया वाहन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। वाहन से धुआं उठता देख चालक सोनारी निवासी मनोज साहू घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर दूर हट गए। स्थानीय लोगों ने जब देखा कि वाहन में आग लगी है, तो वे मदद के लिए आगे आए। उन्होंने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही बिष्टूपुर थाने की पुलिस पहुंची। हालांकि, तबतक स्थानीय लोगों ने आग बुझा दी थी। मनोज साहू ने बताया कि वे बोरे का कारोबार करते हैं और घटना के समय सोनारी से जुगसलाई जा रहे थे। उनके वाहन पर बोरे लदे थे। जैसे ही वे सीएच एरिया गोलचक्कर के पास पहुंचे, उन्हें महसूस हुआ कि वाहन से धुआं निकल रहा है। उन्होंने जैसे ही पीछे मुड़कर देखा, तो पाया कि आग लग चुकी है। मनोज ने तुरंत बाइक रोकी और खुद को सुरक्षित किया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। उनका मानना है कि शायद बाइक के साइलेंसर की गर्मी से बोरे ने आग पकड़ ली होगी, जिससे यह हादसा हुआ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।