रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर भजन कार्यक्रम का आयोजन
झुमरी तिलैया में काली मंदिर में रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर भव्य भजन व सामूहिक आरती कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीती सेठ ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया।...

झुमरी तिलैया निज प्रतिनिधि। पुण्यश्लोका रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर झुमरी तिलैया के स्टेशन परिसर स्थित काली मंदिर में भव्य भजन व सामूहिक आरती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीती सेठ द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भजन मंडली की बहनों द्वारा मधुर भजनों से हुई, जिसने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। काली मंदिर की भजन मंडली की बहनों ने अपनी सुरीली आवाज से कार्यक्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया, जिससे सभी श्रद्धालु भावविभोर हो गए। भजनों के समापन के बाद अध्यक्ष सुनीनी सेठ ने रानी अहिल्याबाई होलकर की प्रेरणादायी जीवनी व उनके द्वारा शासकीय कार्यकाल में किए गए सामाजिक व धार्मिक योगदान पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि किस प्रकार रानी अहिल्याबाई ने नारी सशक्तिकरण, धर्म व संस्कृति की रक्षा तथा जनकल्याण के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किया। इस भक्ति कार्यक्रम के सफल आयोजन में भाजपा की महामंत्री सविता देवी, बेबी देवी, संतोषी देवी, नीलम भदानी, सुषमा देवी, मंजू देवी समेत कई महिला कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती के साथ हुआ। इसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और रानी अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।