कोडरमा में खरीफ फसल के लिए 41,925 हेक्टेयर भूमि चिह्नित
जिले में इस वर्ष खरीफ मौसम के लिए 41,925 हेक्टेयर भूमि पर खेती का लक्ष्य रखा गया है। इसमें धान, मक्का, दलहन और तिलहन शामिल हैं। पिछले वर्ष अच्छी बारिश के कारण फसल उत्पादन संतोषजनक रहा। किसानों को धान...

कोडरमा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले में इस वर्ष खरीफ मौसम के लिए 41,925 हेक्टेयर भूमि पर खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें धान, मक्का, दलहन, मोटा अनाज और तिलहन जैसी प्रमुख फसलें शामिल हैं। कृषि विभाग के अनुसार, इस बार 13,700 हेक्टेयर भूमि पर दलहन फसलें लगाई जाएंगी, जिनमें अरहर (7,500 हेक्टेयर), उरद (2,500 हेक्टेयर), मूंग व कुर्थी (1,000-1,000 हेक्टेयर), तथा अन्य दलहन फसलें (1,700 हेक्टेयर) शामिल हैं। धान की खेती 17,000 हेक्टेयर भूमि पर की जाएगी, जबकि मक्का 8,760 हेक्टेयर भूमि पर बोया जाएगा। तिलहन फसलों के लिए 1,740 हेक्टेयर भूमि निर्धारित की गई है, जिसमें मूंगफली (800 हेक्टेयर), तिल (200 हेक्टेयर), सोयाबीन (200 हेक्टेयर), सरगुजा (400 हेक्टेयर) और अंडी (40 हेक्टेयर) की खेती की जाएगी।
पिछले वर्ष जिले में बेहतर बारिश के चलते खरीफ फसलों का उत्पादन संतोषजनक रहा। 16,500 हेक्टेयर भूमि पर धान की खेती हुई, जो लक्ष्य का 94% था। मक्का 7,402 हेक्टेयर (84%), दलहन 9,598 हेक्टेयर (70%) और तिलहन 674 हेक्टेयर भूमि (39%) में बोया गया था। जिला कृषि पदाधिकारी आर.एस. वर्णमाला ने बताया कि जल्द ही किसानों के बीच धान व मक्का जैसी फसलों के बीज 50% सब्सिडी पर वितरित किए जाएंगे। जून महीने में 140.8 मिमी बारिश का लक्ष्य रखा गया है, जबकि अब तक 32.8 मिमी ही बारिश हुई है। यदि निर्धारित स्तर तक वर्षा होती है तो खरीफ फसल की बुवाई समय पर हो सकेगी। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी अच्छी बारिश की उम्मीद है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।