वेतन नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मी 19 से करेंगे हड़ताल
लोहरदगा नगर पर्षद कर्मचारी संघ ने आउटसोर्सिंग कर्मियों को पारिश्रमिक मिलने में देरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। महेश कुमार सिंह ने कहा कि सफाई कर्मियों को 19 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए...

लोहरदगा, प्रतिनिधि। नगर पर्षद कर्मचारी संघ ने शनिवार को आउटसोर्सिंग कर्मियों को पारिश्रमिक मिलने में देरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। मौके पर स्थानीय निकाय कर्मचारी संघ के नेता महेश कुमार सिंह ने कहा कि आउटसोर्सिंग कंपनी और नगर पर्षद के कर्मचारी विरोधी रवैया के कारण नगर परिषद लोहरदगा के सफाई कर्मी 19 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को विवश हैं। नगर पर्षद से पैसा मिलने के बावजूद मात्र जनवरी 2025 का वेतन कम्पनी के द्वारा दिया गया है। समाज के सबसे कमजोर तबके से आनेवाले नगर पर्षद के सफाई कर्मियों का शोषण कम्पनी के द्वारा किया जा रहा है। वेतन नहीं मिलने से बाल-बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में काफी परेशानी हो रही है।
बीमार सदस्य को डाक्टर से दिखा कर दवा खरीदने का पैसा नहीं है। दुकानदार ने राशन उधार देना बन्द कर दिया है। सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक पूरा वेतन का भुगतान नहीं होगा,तब तक नप कर्मी 19 मई से हड़ताल पर रहेंगे। इसे नगर परिषद लोहरदगा के प्रशासक से भी मिले। महेश सिंह ने कहा कि पूर्व में भी एक बार एक कम्पनी नगरपालिका में आयी थी। वह कर्मचारियों का वेतन-भत्ता लेकर भाग गयी थी। आज भी कर्मचारियों को वही शंका हो रही है। मौके पर नप के तमाम कर्मी मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।