सोरेन की पार्टी से जुड़ेंगे कई दिग्गज नेता, एक पूर्व मंत्री को मिल सकता है राज्यसभा का टिकट
- झारखंड मुक्ति मोर्चा अपने कुनबे को कोल्हान में मजबूत करने की कवायद में जुटा हुआ है। कोल्हान के कई दिग्गज नेता पार्टी के संपर्क में हैं और तीर-धनुष थामने की तैयारी में हैं। ऐसे ही एक पूर्व मंत्री भी झामुमो में शामिल होने की तैयारी में है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा अपने कुनबे को कोल्हान में मजबूत करने की कवायद में जुटा हुआ है। कोल्हान के कई दिग्गज नेता पार्टी के संपर्क में हैं और तीर-धनुष थामने की तैयारी में हैं। ऐसे ही एक पूर्व मंत्री भी झामुमो में शामिल होने की तैयारी में है। झामुमो की पतवार संभाल कर पूर्व मंत्री अब राज्यसभा पहुंच कर अपनी राजनीतिक नैया पार करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। बताया जाता है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से भी पूर्व मंत्री को राज्यसभा भेजने का आश्वासन मिला है। हालांकि, हाई कमान की मंजूरी बाकी है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता बताते हैं कि यह पूर्व मंत्री पिछले विधानसभा चुनाव में अपनी सीट हारने के बाद से ही पार्टी के संपर्क में हैं और राज्यसभा पहुंचने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। गौरतलब हो कि कोल्हान में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के झारखंड मुक्ति मोर्चा छोड़ने के बाद व्यापक स्तर पर पार्टी ने दूसरे दलों के दिग्गज नेताओं को अपने दल में शामिल करने का अभियान छेड़ दिया था। इनमें पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी से लेकर पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, गणेश महाली और बारी मुर्मू जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं।
विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद भी पार्टी का यह अभियान जारी है। पार्टी नेता कहते हैं कि संगठन की ओर से वर्तमान में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसमें आम कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम तो चल ही रहा है साथ ही बड़े नाम को भी अपने साथ जोड़ने की कवायद चल रही है। हालांकि, औपचारिक तौर पर जिला अध्यक्ष रामदास सोरेन इस मामले में कुछ कहने से बचते हैं, लेकिन साथ ही कहते हैं कि पार्टी में एक कार्यकर्ता से लेकर नेता तक,जो भी आएगा,सबका स्वागत होगा।