बदलती रांची 5 : मानचित्र में दिखने वाला लोधमा का तेजी से विस्तार
रांची के धुर्वा-लोधमा मार्ग के विकास से क्षेत्र में तेजी से बदलाव आया है। पहले जहां 1000 लोग रहते थे, अब यहां 25-30 हजार लोग बस चुके हैं। रिंग रोड के निर्माण से शिक्षण संस्थान, पेट्रोल पंप और बाजार...

रांची, संवाददाता। दो दशक में धुर्वा-लोधमा मार्ग के विकास के साथ रांची का विस्तार भी हुआ है। झारखंड अलग राज्य बनने के समय लोधमा केवल मानचित्र में ही था। इलके में असामाजिक गतिविधियां अधिक होने के कारण दिन में भी लोग लोधमा इलाके में जाने से कतराते थे। साल 2008 में जब रांची में रिंग रोड का निर्माण किया गया, तब धुर्वा-लोधमा रोड में भी लोगों ने आना-जाना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया की इस मार्ग का उपयोग कर्रा से लेकर ओडिशा जाने वाले लोग करते हैं। धुर्वा थाने से लोधमा की दूरी करीब 10 किमी है। वर्तमान में यह रोड सिंगल लेन है। लेकिन लोधमा से रिंग रोड तक टू लेन और रिंग रोड के ब्रिज के पास से धुर्वा तक फोरलेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। (कई जगह निर्माण शुरू हुआ है)।
दो दशक पहले तक लोधमा-धुर्वा रोड में एक हजार से भी कम लोग रहते थे। शेष ग्रामीण क्षेत्रों में लोग रहना पसंद करते थे। वर्तमान में इस रोड में 25 से 30 हजार लोग रहने लगे है।
रास्ता सुगम, लोधमा में बस रहा शहर
रांची में रिंग रोड बनने के बाद से धुर्वा-लोधमा मार्ग का काफी विकास हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों और अपना मकान का सपना देखने वाले लोग इस क्षेत्र में तेजी बस रहे हैं। इससे इस क्षेत्र में बीएड कॉलेज से लेकर स्कूल तक खुल गए हैं। साथ ही यहां पांच पेट्रोल पंप और आठ से अधिक ढाबे-रेस्टोरेंट खुल गए हैं। कई लोगों ने रोड किनारे दुकान बनाकर अपना रोजगार शुरू कर लिया है। लोधमा रेलवे स्टेशन के विस्तार होने के कारण लोगों को इस इलाके में विकास की संभावनाएं दिख रही हैं। इस मार्ग में न्यू एसटी कॉलानी, एक्ता नगर और शांति नगर जैसी कई कॉलोनियां बस गई हैं।
राइस मिल खुलने से मिला रोजगार
स्थानीय लोगों को लोधमा इलाके में बड़े ब्रांड के वेयरहाउस और राइस मिल खुलने से रोजगार भी मिले हैं। लोगों का इस क्षेत्र में आवागमन बढ़ने से कई सवारी गाड़ियां भी चलने लगी हैं। साथ ही यहां दो बड़े साप्ताहिक बाजार भी लगते हैं। जहां पर यहां के ग्रामीण व्यापार करते हैं।
लोग बोले......
इस क्षेत्र में पानी की समस्या को जल्द दूर करने की जरूरत है। साथ ही सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाए, जिससे रात के समय भी लोग आवागमन कर सकें।
विजय महतो
धुर्वा-लोधमा रोड में सरकार को बस सुविधा शुरू करनी चाहिए। इससे लोगों का रांची आना-जाना सुगम हो जाएगा। लोधमा क्षेत्र में सरकार परियोजनाएं लाए।
मनोज तिर्की
क्या-क्या खास
एक बीएड कॉलेज का हुआ है निर्माण
छह विद्यालयों को किया गया है तैयार
पांच पेट्रोल पंप से मिल रही सुविधा
दो साप्ताहिक बाजार में होती है खरीदारी
आठ रेस्टोरेंट और ढाबे का लोग उठा रहे लाभ
क्या-क्या समस्याएं
धुर्वा-लोधमा मार्ग में एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं है
शाम के बाद लोग इस क्षेत्र में आवागमन से कतराते हैं
इलाके में पेयजल की किल्लत बड़ी समस्या मानी जा रही है
जलमीनार बना दिए गए हैं, लेकिन उससे पानी की आपूर्ति नहीं
पूरे इलाके में एक भी बस पड़ाव नहीं होने से लोग परेशान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।