महिला की मौत की आरोपी फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 9 साल से फरार एक फर्जी महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। इस डॉक्टर पर आरोप है कि उसने गलत ऑपरेशन कर एक महिला की जान ले ली। आरोपी ने बिना वैध डिग्री के क्लीनिक चलाया था...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 9 साल से फरार एक फर्जी महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। इस फर्जी डॉक्टर के गलत ऑपरेशन से एक महिला की मौत हो गई थी। इस संबंध में मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फर्जी डॉक्टर फरार चल रही थी। नकली महिला डॉक्टर संगम विहार की रहने वाली है और फर्जी बीएएमएस डिग्री के आधार पर क्लीनिक चलाती थी। पुलिस के मुताबिक, यह मामला साल 2009 का है। दरअसल, रणहौला निवासी रमेश कुमार ने अपनी गर्भवती पत्नी को पेट दर्द होने पर आरोपी डॉक्टर के विकास नगर स्थित क्लीनिक में भर्ती कराया था। 22 सितंबर, 2009 को उसने महिला को दवा देकर छुट्टी दे दी थी। दर्द बढ़ने पर 23 सितंबर को महिला को दोबारा भर्ती कराना पड़ा। इस पर फर्जी डॉक्टर ने सर्जरी की सलाह दी और ऑपरेशन किया, जिसके बाद मरीज को फिर छुट्टी दे दी गई। लेकिन 25 सितंबर को फिर से तेज दर्द होने पर उसे डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, जहां 7 अक्तूबर 2009 को उसकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता रमेश कुमार ने आरोप लगाया कि गलत इलाज और सर्जरी के कारण उनकी पत्नी की जान चली गई। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि आरोपी के पास कोई वैध डिग्री नहीं थी। उसने बिहार से फर्जी बीएएमएस की डिग्री हासिल की थी।
इसके बाद इस मामले में दिसंबर 2011 में आईपीसी की धारा 304 और 27 दिल्ली मेडिकल काउंसिल एक्ट 1997 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। लेकिन जमानत मिलने के बाद वह फिर से फरार हो गई। तभी से पुलिस को उसकी तलाश थी। इस बीच क्राइम ब्रांच को उसके बारे में इनपुट मिला तो उसे ग्रेटर कैलाश-पार्ट-दो में छापेमारी कर धरदबोचा। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने 12वीं तक पढ़ाई की थी और फर्जी मेडिकल दस्तावेज के सहारे क्लीनिक चलाया। बहरहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।