रामा या श्यामा, घर में कौन सी तुलसी लगाना होता है शुभ? जानें कैसे करें पहचान
तुलसी का पौधा आमतौर पर दो तरह का होता है, रामा और श्यामा। लोगों में अक्सर कंफ्यूजन बनी रहती है कि दोनों में से कौन सी तुलसी लगाना ज्यादा शुभ है और इनकी पहचान कैसे की जाए। आइए आज इसी बारे में जानते हैं।

तुलसी का पौधा उन चुनिंदा पौधों में से एक है, जो लगभग हर घर में देखने को मिल ही जाते हैं। हिंदू धर्म में इसे पूजनीय माना गया है और देवी तुलसी को भगवान विष्णु की पत्नी का दर्जा दिया गया है। इतना ही नहीं धार्मिक महत्व के अलावा भी तुलसी का पौधा अपने औषधीय गुणों के कारण बहुत प्रसिद्ध है। ऐसी मान्यता भी है कि तुलसी का पौधा लगाने से घर के सभी वास्तु दोष दूर हो जाते हैं। कुल मिलाकर कह सकते हैं कि तुलसी का पौधा घर में लगाना बहुत शुभ होता है और इसके ढेरों फायदे भी होते हैं। हालांकि तुलसी दो तरह की होती है, रामा और श्यामा। अक्सर लोगों में कन्फ्यूजन होती है कि घर में लगाने के लिए कौन सी तुलसी ज्यादा शुभ होती है और साथ ही इनकी पहचान भी कैसे की जाए। तो चलिए आज इन्हीं सवालों के जवाब जानते हैं।
ऐसी होती है रामा तुलसी
तुलसी का पौधा आमतौर पर दो तरह का होता है, जिसमें रामा तुलसी भी एक है। रामा तुलसी के पत्ते एकदम हरे रंग के होते हैं। धार्मिक रूप से इसे घर पर लगाना सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है। इसे 'श्री तुलसी' और 'उज्ज्वल तुलसी' भी कहा जाता है। इसका स्वाद भी काफी मीठा होता है और ये अपने धार्मिक और औषधीय दोनों गुणों के कारण जानी जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार रामा तुलसी को लगाने से घर की सारी नेगेटिव एनर्जी दूर होती है और घर में सकारात्मक माहौल बना रहता है। तुलसी के इस पौधे को घर में खुशहाली और सुख-समृद्धि लाने वाला माना जाता है।
ऐसे करें श्यामा तुलसी की पहचान
जैसा कि इसके नाम से ही पता चल रहा है, तुलसी का ये पौधा श्यामवर्णी होता है। इसके पत्ते हल्के काले या बैंगनी रंग के होते हैं और इसे 'कृष्णा तुलसी' के नाम से भी जाना जाता है। इसका स्वाद भी रामा तुलसी के मुकाबले कुछ कम मीठा होता है। कहते हैं तुलसी का ये पौधा अपने श्यामवर्ण के कारण भगवान श्रीकृष्ण को अति प्रिय है। वास्तु और धर्म के अनुसार श्यामा तुलसी को लगाना भी काफी शुभ होता है। हालांकि यह तुलसी अपने औषधीय गुणों के कारण ज्यादा जानी जाती है।
जानें घर में कौन सी तुलसी लगाना होता है शुभ
वैसे तो रामा और श्यामा, दोनों ही तरह की तुलसी घर में लगाना शुभ होता है। लेकिन धार्मिक रूप से रामा तुलसी को ज्यादा शुभ माना जाता है। रामा तुलसी को सबसे पवित्र पौधों की श्रेणी में रखा जाता है। हालांकि भगवान कृष्ण की मनपसंद होने के कारण श्यामा तुलसी को भी घर में लगाया जा सकता है लेकिन इसका औषधीय महत्व अधिक होता है। ये तुलसी ज्यादातर वनों-जंगलों में उगती है और आयुर्वेद में इसके कई औषधीय गुण गिनाए गए हैं। इस वजह से पूजन की जगह इसका ज्यादातर इस्तेमाल औषधीय रूप में करना ज्यादा शुभ माना जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।