तवे पर नहीं चिपकेंगे डोसा और चीला, 1 मिनट में किसी भी बर्तन को यूं बनाएं नॉन स्टिक!
कुकिंग करते वक्त अगर नॉन स्टिक बर्तन ना हों, तो खाना अक्सर चिपकने लगता है। खासतौर से चीला, डोसा और ऑमलेट जैसी चीजें। लेकिन इन हैक्स की मदद से आप अपने किसी नॉर्मल बर्तन को भी बना सकते हैं नॉन स्टिक।

चीला और डोसा हो या ऑमलेट, ऐसी कई चीजें हैं जिन्हें बनाते हुए बड़ी परेशानी होती है। कितना भी तेल या घी लगा लो, ये पैन या तवे पर चिपक ही जाते हैं। खासतौर से अगर बर्तन लोहे या स्टील का हो तब। इसलिए नॉन स्टिक बर्तन का इस्तेमाल करने के अलावा कोई दूसरा ऑप्शन बचता ही नहीं। अब ये नॉन स्टिक बर्तन एक तो बड़े महंगे होते हैं और दूसरा इन्हें हेल्थ के लिए भी सेफ नहीं माना जाता है। ऐसे में करें तो क्या? तो चलिए आज कुछ बड़ी कमाल की सिंपल टिप्स जानते हैं, जो आपके लोहे या स्टील के बर्तनों को भी नॉन स्टिक बना देंगी। यानी अब बिना खाने के चिपकने की टेंशन के आप कुक कर सकती हैं, अपनी मनपसंद डिश वो भी बिना सेहत से समझौता किए।
लोहे के तवे को ऐसी बनाएं नॉन स्टिक
लोहे के तवे या कढ़ाई को नॉन स्टिक बनाने के लिए आप सरसों के तेल वाला हैक ट्राई कर सकती हैं। इसके लिए पहले तवे को तेज आंच पर गर्म होने दें। जैसे ही तवा गर्म हो, उसपर सरसों का तेल डालें और अच्छी तरह फैला दें। अब आपको सरसों के तेल को तब तक गर्म करना है, जब तक तेल से धुंआ ना उठने लगे। जैसे ही तेल से धुंआ उठे, गैस बंद कर दें। अब एक्स्ट्रा तेल को तवे से हटाएं और किसी कॉटन के कपड़े से तवे को साफ कर लें। अब आपका तवा तैयार है नॉन स्टिक की तरह काम करने को।
स्टील के बर्तनों के लिए ट्राई करें ये नुस्खा
स्टील के बर्तन को नॉन स्टिक बनाने के लिए आप ये गर्म पानी वाला सिंपल सा नुस्खा ट्राई कर सकती हैं। इसके लिए पहले बर्तन को गर्म कर लें। जब बर्तन गर्म हो तो उसपर पानी के छींटे डालकर चेक करें। आपको बर्तन को इतना गर्म करना है कि इसपर पड़े पानी के छींटे बुलबुले जैसे हो जाएं। जैसे ही पैन इतना गर्म हो जाए, उसपर तेल लगाकर किसी चम्मच या ब्रश से फैला दें। अब आपका स्टील का बर्तन तैयार है नॉन स्टिक की तरह काम करने को।
ऐसे बनाएं एल्यूमियम के बर्तनों को नॉन स्टिक
एल्यूमिनियम के बर्तनों को नॉन स्टिक बनाने के लिए नमक आपके बड़े काम आ सकता है। इसके लिए सबसे पहले बर्तन को तेज आंच पर रखें और गर्म कर लें। अब जैसे ही बर्तन गर्म हो जाए, उसमें एक चम्मच नमक डालकर रगड़ना शुरू कर दें। आपको नमक को तब तक रब करना है, जबतक इसका रंग हल्का लाल ना हो जाए। अब नमक को बाहर निकालें और अपने पैन को कुकिंग के लिए इस्तेमाल करें। इसमें बना हुआ खाना बिल्कुल भी नहीं चिपकने वाला।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।