Bhopal love jihad kand mastermind Farhan shot by police bullet, admitted in hospital भोपाल लव जिहाद कांड के मास्टरमाइंड फरहान को लगी पुलिस की गोली, अस्पताल में भर्ती, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़Bhopal love jihad kand mastermind Farhan shot by police bullet, admitted in hospital

भोपाल लव जिहाद कांड के मास्टरमाइंड फरहान को लगी पुलिस की गोली, अस्पताल में भर्ती

मध्य प्रदेश के भोपाल में सामने आए कथित लव जिहाद से जुड़े सनसनीखेज मामले का मुख्य आरोपी फरहान शुक्रवार रात पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी है, जिसके बाद उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल। वार्ताSat, 3 May 2025 07:18 AM
share Share
Follow Us on
भोपाल लव जिहाद कांड के मास्टरमाइंड फरहान को लगी पुलिस की गोली, अस्पताल में भर्ती

मध्य प्रदेश के भोपाल में सामने आए कथित लव जिहाद से जुड़े सनसनीखेज मामले का मुख्य आरोपी फरहान शुक्रवार रात पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी है, जिसके बाद उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अशोका गार्डन थाना प्रभारी हेमंत श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस की एक टीम मुख्य आरोपी फरहान को अन्य आरोपियों की तलाश और अपराध की पूछताछ के संबंध में एक गाड़ी में ले जा रही थी। इसी बीच, उसने टॉयलेट जाने के लिए कहा, जिसके बाद उसे गाड़ी से नीचे उतारा गया। उसके साथ एक पुलिस कर्मचारी विजय भी नीचे उतरा। इसी दौरान फरहान ने विजय की पिस्टल छीनने की कोशिश की और इसी खींचतान में गोली चल गई, जो फरहान के पैर में जा लगी।

उन्होंने कहा कि फरहान को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस कर्मचारी विजय के कपड़े फट गए और वे सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम के सिलसिले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हाल ही में भोपाल के उच्च और तकनीकी शिक्षा से जुड़े एक प्राइवेट कॉलेज की छात्राओं के साथ एक वर्ग विशेष के युवकों द्वारा दुष्कर्म, उनके वीडियो बनाने, उनकी वीडियो क्लिप बनाकर ब्लैकमेलिंग, मारपीट और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने संबंधी सनसनीखेज मामले (लव जिहाद) का खुलासा हुआ है। पांच छात्राओं की ओर से अशोका गार्डन, ऐशबाग और बाग सेवनिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। इन घटनाओं के सिलसिले में फरहान समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अभी इस मामले की जांच चल रही है और आरोपियों की संख्या और बढ़ सकती है।

‘लव जिहाद’ के खिलाफ भोपाल में 25 स्थानों पर प्रदर्शन, महिलाएं उतरीं सड़कों पर

भोपाल में लव जिहाद कांड के इस सनसनीखेज खुलासे के बाद शुक्रवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ीं महिलाओं, युवतियों और अन्य लोगों ने 25 स्थानों पर प्रभावी प्रदर्शन कर आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। सकल हिंदू समाज की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपे। ज्ञापन में मांग की गई है कि ‘टीआईटी’ कॉलेज लव जिहाद कांड के आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए। इसके पहले विभिन्न वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि ‘हिंदू लड़कियों और महिलाओं’ को योजनापूर्वक फंसाकर लव जिहाद का शिकार बनाने का षड़यंत्र रचा जा रहा है। हिंदू परिवारों की बेटियों को धर्म परिवर्तन, शारीरिक शोषण करने, नशे की तरफ धकेलने और दूसरी लड़कियों को इसका शिकार बनाने के लिए साथ लेकर आने के लिए मजबूर किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि भोपाल का टीआईटी कॉलेज मामला इसका बड़ा और जघन्य उदाहरण है।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि कॉलेज में वर्ग विशेष के लड़कों ने अपना नाम छिपाकर हिंदू लड़कियों से दोस्ती कर उन्हें कथित प्रेमजाल में फंसाया और फिर उनका शारीरिक शोषण किया। नशे की लत लगाकर इन लड़कियों को दूसरी लड़कियां लाने के लिए मजबूर किया गया। आरोपियों ने इन लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो अपने कब्जे में लेकर इन्हें ब्लैकमेल किया। इन वीडियो को बेचने की भी तैयारी थी, तभी वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

गौरतलब है कि भोपाल में मीडिया के जरिये हाल ही में कथित लव जिहाद संबंधी मामले के खुलासे के बाद हर दिन आरोपियों के संबंध में नए नए खुलासे हाे रहे हैं। अब तक पांच आरोपी फरहान, साद, साहिल, सैयद अली और नबील को गिरफ्तार किया गया है। साहिल नाम का आरोपी लड़कियों के लिए डांस क्लास भी चलाता था। अब तक इस प्रकरण में पांच पीड़िताएं सामने आई हैं। माना जा रहा है कि पीड़िताओं की संख्या काफी अधिक है और वे लोकलाज के डर से सामने आने से बच रही हैं। फिर भी पुलिस उनकी काउंसिलिंग कर उन्हें शिकायत दर्ज कराने के लिए मनाने के प्रयास में जुटी हैं। ये लड़कियां संबंधित संस्थान की छात्राएं बताई गई हैं और आरोपियों ने उन्हें फंसाकर पिछले दाे तीन सालों तक काफी परेशान किया। इन्हीं अत्याचारों से परेशान होकर एक छात्रा ने साहस दिखाया और वह पुलिस के सामने आई। इसके बाद हो रहे खुलासों से सभी अचंभित हैं। वहीं पुलिस इस मामले की संवेदनशीलता के मद्देनजर काफी गोपनीयता बरत रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।