Waqf Bill in Rajya Sabha: लोकसभा से पारित होने के बाद वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 को गुरुवार को राज्यसभा में पेश किया गया, जहां करीब 12 घंटे की लंबी बहस के बाद इसे मंजूरी मिल गई। राज्यसभा में इस बिल के पक्ष में 128 वोट पड़े, जबकि 95 सांसदों ने इसका विरोध किया। इससे पहले लोकसभा में इस बिल को 288 सांसदों का समर्थन मिला था, जबकि 232 ने इसके खिलाफ मतदान किया था। अब जब यह विधेयक संसद के दोनों सदनों में पास हो चुका है, तो इसे कानून बनने के लिए राष्ट्रपति की मंजूरी का इंतजार है, जिसके बाद यह औपचारिक रूप से लागू हो जाएगा।
मोदी सरकार की ओर से यह विधेयक वक्फ संपत्तियों के प्रशासन और प्रबंधन में सुधार के उद्देश्य से लाया गया है, लेकिन इसे लेकर संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिला। विपक्षी दलों ने इसे अल्पसंख्यकों के अधिकारों के खिलाफ बताया, जबकि सरकार ने इसे पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम करार दिया। राज्यसभा में चर्चा के दौरान डीएमके सांसद तिरुचि शिवा ने इसमें संशोधन की मांग करते हुए डिवीजन की अपील भी की, हालांकि सरकार ने अपने रुख पर कायम रहते हुए विधेयक को पारित करा लिया।
वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 से जुड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
4 Apr 2025, 02:41:58 AM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में भी पास हुआ वक्फ बिल
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: लोकसभा से पारित होने के बाद वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 को राज्यसभा में पेश किया गया, जहां करीब 12 घंटे की लंबी बहस के बाद इसे मंजूरी मिल गई। मतदान में बिल के पक्ष में 128 वोट पड़े, जबकि 95 सांसदों ने इसका विरोध किया।
4 Apr 2025, 01:48:38 AM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: तिरुचि शिवा ने अपने संशोधन पर डिवीजन की मांग की
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: डीएमके के राज्यसभा सांसद तिरुचि शिवा ने वक्फ बोर्ड में दो गैर-मुस्लिम सदस्यों को शामिल करने के प्रावधान में संशोधन का प्रस्ताव पेश किया, जिसे ध्वनिमत से अस्वीकार कर दिया गया। इस पर शिवा ने डिवीजन की मांग की, जिसके बाद मतदान की प्रक्रिया शुरू की गई।
4 Apr 2025, 01:24:54 AM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में वक्फ बिल पर वोटिंग जारी, विपक्षी संशोधन खारिज
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में वक्फ संशोधन पर वोटिंग जारी है, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी समेत तमाम बड़े नेता सदन में मौजूद हैं। विपक्ष की ओर से बिल में संशोधन के कई प्रस्ताव पेश किए गए, लेकिन एक के बाद एक सभी संशोधन ध्वनिमत से खारिज हो रहे हैं।
4 Apr 2025, 01:15:31 AM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: वक्फ बिल पर वोटिंग शुरू
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 पर लंबी बहस के बाद अब वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों द्वारा सुधाए गए संशोधनों पर वोटिंग की जा रही है।
4 Apr 2025, 12:50:01 AM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: उपेंद्र कुशवाहा ने किया वक्फ बिल का समर्थन, विपक्ष से भी की अपील
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: आरएलएम प्रमुख और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 का समर्थन करते हुए इसे ऐतिहासिक क्षण करार दिया। उन्होंने विपक्ष से भी बिल का समर्थन करने की अपील की और कहा कि इस बिल की जरूरत क्यों पड़ी, इस पर ज्यादा चर्चा नहीं हुई। कुशवाहा ने तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार पर भरोसा नहीं है तो मत करिए, लेकिन अपनी ही बनाई गई सच्चर कमेटी की सिफारिशों पर तो भरोसा करिए।
4 Apr 2025, 12:40:52 AM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: खड़गे का BJP पर निशाना, बोले- अल्पसंख्यकों को परेशान करने के लिए लाया गया बिल
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस विधेयक का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि यह अल्पसंख्यकों को "परेशान" करने के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा कि अगर यह 1995 के वक्फ अधिनियम में सुधार के तौर पर पेश किया गया होता तो कांग्रेस इसका समर्थन करती। खड़गे ने कहा कि बिल में सर्वेक्षण आयुक्त और अतिरिक्त आयुक्त की जगह कलेक्टर को नियुक्त करने जैसी शर्तें लोगों को दिक्कत में डालने के लिए हैं।
4 Apr 2025, 12:32:26 AM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: देवेगौड़ा ने किया वक्फ बिल का समर्थन, कहा- गरीब मुसलमानों को अमीरों से बचाने के लिए जरूरी
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने वक्फ (संशोधन) विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि यह कानून मुस्लिम समुदाय के गरीब तबके को उनके ही अमीरों से बचाने के लिए लाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विधेयक मुस्लिम धार्मिक प्रथाओं में हस्तक्षेप नहीं करता, बल्कि सिर्फ राजस्व और प्रशासनिक मामलों से संबंधित है। देवेगौड़ा ने बताया कि भारत में वक्फ बोर्डों के पास 8.7 लाख संपत्तियां और 9.4 लाख एकड़ जमीन है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.2 लाख करोड़ रुपये है, लेकिन इनका दुरुपयोग किया जा रहा है।
4 Apr 2025, 12:31:11 AM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: गरीब मुसलमानों के लिए सही मायनों में मिलेगा प्रतिनिधित्व: जेडीयू सांसद संजय कुमार झा
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने राज्यसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 पर चर्चा के दौरान कहा कि बिहार के कुल मुस्लिम जनसंख्या का 73% हिस्सा पासमंदा मुसलमानों का है, जिन्हें पहली बार वक्फ बोर्ड में प्रतिनिधित्व मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि इस विधेयक को लेकर मुसलमानों में कई तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, लेकिन चर्चा के बाद स्थिति साफ हो गई है। झा ने कहा कि इस कानून के लागू होने के बाद गरीब मुसलमानों के लिए सही मायनों में काम किया जाएगा।
3 Apr 2025, 11:19:01 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: वक्फ बोर्ड को इतनी विशेष शक्तियां क्यों: सुधांशु त्रिवेदी
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक पर चर्चा के दौरान बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह विधेयक उनकी पार्टी की वक्फ समिति द्वारा विस्तृत अध्ययन के बाद तैयार किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इंडोनेशिया, तुर्की, इराक और सीरिया जैसे कई इस्लामिक देशों में वक्फ की व्यवस्था नहीं है, तो भारत में इसे क्यों बनाए रखा गया है? त्रिवेदी ने यह भी पूछा कि क्या भारत में सिख, पारसी और ईसाई समुदायों को ऐसी विशेष शक्तियां प्राप्त हैं जैसी वक्फ बोर्ड को दी गई हैं।
3 Apr 2025, 10:26:53 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: बिल की खामियों पर गौर करे सरकार- खरगे
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने उच्च सदन में वक्फ संशोधन विधेयक, 2025 पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि लोकसभा में इस विधेयक के पक्ष में 288 मत आए जबकि विपक्ष में 238 मत। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि इसमें खामियां और कमियां हैं तथा सरकार को इस पर गौर करना चाहिए। खरगे ने कहा कि ‘‘जिसकी लाठी, उसकी भैंस’’ की स्थिति उचित नहीं है और यह किसी के लिए ठीक नहीं होगा।
3 Apr 2025, 10:26:33 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: अल्पसंख्यकों को तबाह करने वाला विधेयक- खरगे
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वक्फ विधेयक को मुसलमानों के खिलाफ बताते हुए आरोप लगाया कि यह (विधेयक) अल्पसंख्यकों को तबाह करने के लिए लाया गया है। खरगे ने कहा कि देश में ऐसा माहौल बना है कि यह विधेयक अल्पसंख्यकों को तंग करने के लिए लाया गया है। मल्लिकार्जुन खरगे ने गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह किया कि वह इस विधेयक को प्रतिष्ठा का प्रश्न नहीं बनाएं और सरकार इसे वापस ले ले।
3 Apr 2025, 09:38:57 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: वक्फ विधेयक धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लंघन- अब्दुल रहीम
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक संविधान में प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन है और मुसलमानों के धार्मिक मामलों में ‘अनावश्यक हस्तक्षेप’ है।
राथर ने बडगाम जिले के चडूरा इलाके में संवाददाताओं से कहा, ‘‘आपने देखा कि लोकसभा में 200 से अधिक सांसदों ने इस विधेयक का विरोध किया, क्योंकि यह विधेयक संविधान के अनुच्छेद 25 का उल्लंघन है। यह अनुच्छेद धार्मिक स्वतंत्रता की गारंटी देता है। मैं इसे मुस्लिम पर्सनल लॉ में अनावश्यक हस्तक्षेप मानता हूं।’’
3 Apr 2025, 09:37:20 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: चर्चा के दौरान कपिल सिब्बल से नाराज हुए रिजिजू
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: किरेन रीजिजू ने राज्यसभा के कुछ वरिष्ठ सदस्यों पर भ्रम पैदा करने का आरोप लगाया और कहा कि वे (ये सदस्य) चर्चा का जवाब सुनने के लिए सदन में मौजूद नहीं रहते हैं। रीजिजू निर्दलीय सदस्य कपिल सिब्बल की टिप्पणियों का जिक्र कर रहे थे, जिन्होंने विधेयक का विरोध किया। मंत्री ने कहा कि सिब्बल ने वक्फ निकायों की संपत्तियों की तुलना अन्य धार्मिक निकायों की संपत्तियों से कर विधेयक पर भ्रम पैदा किया है।
3 Apr 2025, 07:32:09 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: वक्फ बिल पर बीजेडी का यू-टर्न
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 को लेकर बीजू जनता दल (बीजेडी) ने यू-टर्न लिया है। पार्टी पहले बिल का विरोध कर रही थी। अब पार्टी ने अपने राज्यसभा सांसदों को इस बिल पर मतदान के दौरान अपने विवेक से फैसला लेने की छूट दी है। इस मुद्दे पर पार्टी की ओर से कोई व्हिप जारी नहीं किया गया है।
3 Apr 2025, 07:02:38 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: आपके पिताजी कभी जी लगाना नहीं भूले- सिंघवी से बोले धनखड़
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: अभिषेक मनु सिंघवी को आखिर में सभापति जगदीप धनखड़ ने सलाह दी। कहा, "आपके पिताजी बहुत विनम्र थे। उन्होंने कभी आखिर में जी लगाना नहीं भूले। सभापति पद पर बैठे किसी व्यक्ति के लिए सभापति कहना या सभापति जी कह देने में फर्क है।" हालांकि जवाब में सिंघवी ने कहा कि आपने शायद सुना नहीं, मैंने अपनी बात खत्म करते हुए आपको जी कहा था।
3 Apr 2025, 07:02:05 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: पहले सीईओ का मुसलमान होना अनिवार्य था- सिंघवी
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि पहले के कानून में वक्फ बोर्ड के सीईओ का मुसलमान होना अनिवार्य था और नियुक्ति के लिए बोर्ड के सुझाए दो नामों में से किसी एक को चुना जाता था। लेकिन नए प्रावधानों में यह बाध्यता खत्म कर दी गई है। उन्होंने यह भी तंज कसा कि बिल तैयार करने वाले या तो बहुत भोले हैं या फिर बेहद चालाक।
सिंघवी ने आगे बताया कि बिल में लिमिटेशन एक्ट लागू करने का फैसला किया गया है, जिसका मतलब यह होगा कि अगर किसी ने 12 साल तक वक्फ की संपत्ति पर कब्जा बनाए रखा, तो वह खुद को स्थायी मालिक घोषित कर सकता है। उन्होंने इसे वक्फ संपत्तियों को हड़पने का कानूनी रास्ता बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि यह स्थिति ऐसी हो गई है कि जहां कभी सजदे किए जाते थे, वहां अब दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। अगर इस बिल पर पुनर्विचार नहीं हुआ, तो इसमें कोई संदेह नहीं कि आने वाले वर्षों में इसे असंवैधानिक घोषित कर दिया जाएगा।
3 Apr 2025, 07:01:18 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: सिंघवी ने बिल के किन-किन नियमों पर जताई आपत्ति
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: सिंघवी ने बिल में दिए प्रावधानों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इसमें लिखा गया है कि 11 सदस्यों में से कम से कम तीन मुसलमान होने चाहिए। इसका सीधा मतलब यह हुआ कि बाकी आठ गैर-मुस्लिम भी हो सकते हैं। इसी तरह, वक्फ काउंसिल में 22 सदस्यों में से कम से कम 12 मुसलमान होने चाहिए—यह भी एक शर्त मात्र है। उन्होंने इस पर सवाल उठाया कि वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की कोई गुंजाइश ही नहीं रखी गई है।
3 Apr 2025, 07:00:50 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: वक्फ बिल पर सिंघवी का हमला
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह बिल एक कानून नहीं, बल्कि कानूनी भाषा में सत्ता की मनमानी का प्रतीक है। उन्होंने रतिलाल केस और तिलकायत गोविंद जी महाराज केस का उदाहरण देते हुए बताया कि बिल के क्लॉज 11 के तहत राज्य सरकार को वक्फ बोर्ड में सौ फीसदी नामांकित सदस्य रखने का अधिकार दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इससे स्वायत्तता बची रहेगी? क्या धार्मिक समुदायों के पास अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार रहेगा?
3 Apr 2025, 06:17:12 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कांग्रेस को नड्डा की नसीहत
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: कांग्रेस पर हमला बोलते हुए नड्डा ने कहा कि ये वो लोग हैं जिन्हें जनता ने दिल्ली और हरियाणा समेत कई राज्यों में सबक सिखाया। एक उदाहरण देते हुए नड्डा ने कहा कि जैसे क्रिकेट में कुछ पहलवान टाइप के लोग होते हैं जो आउट होने पर भी नहीं मानते। कहते हैं कि मैं न मानूं, चाहे आउट ही क्यों न हो जाएं। ये भी वैसे ही हैं। कांग्रेस को नसीहत देते हुए नड्डा ने कहा कि हम विपक्ष को वक्फ बिल पर सरकार से साथ आने का निमंत्रण देते हैं।
3 Apr 2025, 05:49:56 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: मुस्लिम देश ऐसा कर रहे तो भारत में क्या दिक्कत- नड्डा
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: नड्डा ने तुर्की, मलेशिया का उदाहरण लेते हुए कहा कि उन मुस्लिम देशों में वक्फ प्रॉपर्टी को डिजिटल रूप में देखा जा रहा है। सऊदी अरब में भी ऐसा ही किया जा रहा है। वहां की सरकार वक्फ संपत्तियों का इस्तेमाल शिक्षा और जरूरी चीजों पर काम कर रहे हैं। इन मुस्लिम देशों में सरकार वक्फ प्रॉपर्टी को अपने कब्जे में लेकर काम कर रही है, तब कोई तकलीफ नहीं हो रही, यहां तो हम कब्जा भी नहीं कर रहे। यहां तो वक्फ को काउंसिल और बोर्ड ही चलाएगा। यहां तो हम सिर्फ उनको नियम के अनुसार लाने का प्रयास कर रहे हैं। ताकि वे सही ढंग से काम कर सकें। उन्होंने नए-नए प्रयोग करने शुरू किए हैं, ताकि वे ज्यादा से ज्यादा लोगों के काम आ सके। जब मुस्लिम देश ऐसा कर रहे हैं तो भारत में क्या दिक्कत है
3 Apr 2025, 05:40:22 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: नड्डा का कांग्रेस पर हमला
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: जेपी नड्डा ने कहा कि मुस्लिम देश मिस्र, सूडान और बांग्लादेश में तीन तलाक खत्म हुआ। इराक में और मलेशिया में समाप्त हो गया। ये भारत देश था, जहां मुस्लिम महिलाओं को पीछे धकेला जा रहा है। महिलाओं के हक के लिए नरेंद्र मोदी आगे आए औऱ कानून को समाप्त किया।
3 Apr 2025, 05:37:17 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: मुस्लिमों को मुख्य धारा में लेकर आए मोदी- नड्डा
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में चर्चा के दौरान जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि 70 साल से इस पार्टी ने मुस्लिमों को दोयम दर्जे का नागरिक बनाया। मुस्लिमों को मुख्य धारा में पीएम मोदी लेकर आए। वक्फ बिल पर विपक्ष लगातार भ्रम फैला रहा है। वक्फ की संपत्ति का सही रख-रखाव जरूरी है।
3 Apr 2025, 05:00:40 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: मुसलमान कैसे साबित करेगा अपना धर्म- बीजेडी सांसद
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: बीजेडी सांसद मुजीबुल्ला खान ने वक्फ बिल के नियमों पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा शिकायत उस नियम से है, जिसमें मुसलमान को यह साबित करना जरूरी है कि वह मुस्लिम है। यह वह कैसे करेगा? मैं बिना दाढ़ी का मुसलमान हूं, लेकिन रोजे लेता हूं और पांच वक्त की नमाज पढ़ता हूं। सरकार इस नियम से क्या साबित करना चाहती है?
3 Apr 2025, 04:13:23 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: एक खास समुदाय को निशाना बना रहे, संजय सिंह का आरोप
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में आप सांसद संजय सिंह ने वक्फ (संशोधन) विधेयक का विरोध किया और कहा कि यह कानून एक विशेष समुदाय को निशाना बनाता है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि भाजपा इस तरह के कानूनों के जरिए आने वाले समय में एक-एक करके सभी अल्पसंख्यक समुदायों को निशाना बनाएगी
3 Apr 2025, 04:12:54 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: संजय सिंह ने मंदिर ट्रस्टों में 80% आरक्षण की मांग की
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: वक्फ बोर्ड में 'गैर-मुसलमानों' के प्रावधान का विरोध करते हुए संजय सिंह ने सरकार से मांग की कि देशभर के मंदिर ट्रस्टों में पिछड़ी जातियों के लोगों के लिए 80% आरक्षण देने वाला कानून पेश किया जाए।
3 Apr 2025, 04:10:15 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: संजय सिंह ने भाजपा पर दंगे भड़काने का आरोप लगाया
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक पर बहस के दौरान आप सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर 'दंगाई हिंदू' का हमला किया। दावा किया कि विपक्षी दल ही वे हिंदू हैं जो धार्मिक सौहार्द्र में विश्वास रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस विधेयक के जरिए दंगे भड़काने की कोशिश कर रही है।
3 Apr 2025, 04:01:18 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: रिजिजू बोले- विधेयक लाने से पहले व्यापक विचार-विमर्श
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रीजिजू ने कहा कि वक्फ़ संशोधन विधेयक को लेकर पहले सरकार और फिर संसद की संयुक्त समिति (जेपीसी) ने विभिन्न पक्षों से व्यापक विचार विमर्श किया और इसके जरिये वक्फ़ बोर्ड को समावेशी बनाया गया है।
3 Apr 2025, 03:00:39 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: लोकसभा चुनाव में बहुमत नहीं मिला इसलिए वक्फ बिल लेकर आई BJP, राज्यसभा में कांग्रेस का तीखा हमला
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में बृहस्पतिवार को कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार पर आरोप लगाया कि उसने 2013 में वक्फ़ संशोधन विधेयक का समर्थन करने के बाद अपना रुख इसलिए बदल लिया क्योंकि 2024 के चुनाव में उसे स्पष्ट बहुमत नहीं मिला और वह वक्फ़ कानून के बारे में देश में तमाम तरह की भ्रांतियां फैला रही है। वक्फ़ (संशोधन) विधेयक, 2025 पर उच्च सदन में हो रही चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस के सैयद नसीर हुसैन ने कहा कि 2013 में जब यह विधेयक संसद में आया तो लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में भाजपा के नेताओं ने उसका समर्थन किया था लेकिन आज इसे ‘दमनकारी कानून’ करार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2024 में जब सत्तारूढ़ भाजपा को पूर्ण बहुमत नहीं मिला और वह 240 सीटों पर सिमट गयी तो उसे इस वक्फ़ कानून की याद आयी और वह इसे दमनकारी कानून कहने लगी। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित कई प्रदेशों में तो वक्फ़ बोर्ड गठित ही नहीं किये गये और आज अल्पसंख्यक मंत्री वक्फ़ में पारदर्शिता लाने की बात कर रहे हैं। हुसैन ने सरकार से जानना चाहा कि क्या सरकार ‘प्रैक्टिसिंग मुस्लिम’ की पहचान करने के लिए कोई अलग विभाग खोलेगी और उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फोटो लगा कर कोई प्रमाणपत्र देगी ? उन्होंने कहा कि इस विधेयक का असली मकसद यह है कि खुद सरकार की नज़र वक्फ़ की जमीन पर लगी हुई है। (इनपुट भाषा)
3 Apr 2025, 02:39:10 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राधा मोहन दास अग्रवाल का कांग्रेस पर तीखा हमला
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: भाजपा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने राज्यसभा में कहा, "जब सैयद नासिर हुसैन ने बेंगलुरु में राज्यसभा की शपथ ली, तब मैं कर्नाटक में था। उनके समर्थकों ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए और विरोध करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को जेल में डाल दिया गया।" उन्होंने कहा, "यह एक क्रांतिकारी विधेयक है जो गरीब मुसलमानों की मदद करेगा। हम हिंदू हैं और इतिहास गवाह है कि हमने सती प्रथा और बाल विवाह पर प्रतिबंध लगाकर और विधवा विवाह की अनुमति देकर अपने समाज को बेहतर बनाने की कोशिश की है। लेकिन इस संसद में ऐसे सुधार करने की कोई कोशिश नहीं की गई जिससे गरीब मुसलमानों की मदद हो सके। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार ऐसा हो रहा है। उनकी सभी कल्याणकारी योजनाएं मुसलमानों तक पहुंची हैं।"
3 Apr 2025, 02:33:51 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: हमें दूसरे दर्जे का नागरिक बनाने की कोशिश की जा रही है- सैयद नसीर
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने राज्यसभा में कहा, 'वे राजनीति कर रहे हैं और देश में दंगे कराना चाहते हैं। वे पोर्टल पर पंजीकरण के लिए कागजात मांगेंगे। अगर उनके पास कागजात नहीं होंगे, तो उनके लोग हंगामा करेंगे।' 'क्या आप हमें दोयम दर्जे का नागरिक बनाने की कोशिश कर रहे हैं? वे 123 संपत्तियों को लेकर भ्रम पैदा कर रहे हैं। वे या तो मस्जिद हैं, कब्रिस्तान हैं या दरगाह हैं। मैं उनकी सूची प्रस्तुत करना चाहता हूं। जब अंग्रेजों ने लुटियंस दिल्ली पर कब्जा किया, तो उन्होंने क्षेत्र के निर्माण के बाद इन संपत्तियों को वक्फ को सौंप दिया था। ये संपत्तियां वक्फ के पास हैं। ये वे संपत्तियां हैं जिनका वे 2013 के संबंध में उल्लेख कर रहे हैं।"
3 Apr 2025, 02:29:48 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में सैयद नसीर हुसैन बनाम अमित शाह
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: संसद में सैयद नसीर हुसैन ने कहा, “वे कहते हैं कि मौजूदा वक्फ अधिनियम के तहत, अगर लोग न्यायाधिकरण के फैसले से असंतुष्ट हैं तो वे अदालत नहीं जा सकते। यह गलत है। अगर कोई भी अदालत नहीं जा सकता तो उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में इतने सारे लंबित मामले कैसे हैं?” इस पर अमित शाह ने जवाब दिया, “उन्होंने 2013 के अधिनियम में न्यायालय में सिविल मुकदमे के लिए कोई प्रावधान नहीं रखा, जिसका दायरा व्यापक है। उनके पास केवल उच्च न्यायालय में रिट क्षेत्राधिकार का प्रावधान है, जिसका दायरा बहुत सीमित है।”
3 Apr 2025, 02:24:49 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: वक्फ संशोधन विधेयक मुसलमानों के खिलाफ- कांग्रेस
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: राज्यसभा में कांग्रेस सदस्य नसीर हुसैन ने कहा कि संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) में विपक्षी सदस्यों द्वारा की गई किसी भी सिफारिश को वक्फ़ संशोधन विधेयक में शामिल नहीं किया गया। कांग्रेस के नसीर हुसैन ने राज्यसभा में कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक मुसलमानों के खिलाफ है।
3 Apr 2025, 02:18:04 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: वे केवल सांप्रदायिक ध्रुवीकरण कर रहे हैं- कांग्रेस
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने राज्यसभा में कहा कि भाजपा 2024 में बहुमत हासिल करने में विफल रही और अब वक्फ विधेयक लाकर मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, "भाजपा 2024 का चुनाव हार गई क्योंकि वह अपने दम पर बहुमत हासिल करने में भी विफल रही और इसीलिए वे अपना वोट बैंक बढ़ाने के लिए यह विधेयक लेकर आए हैं। वे केवल सांप्रदायिक ध्रुवीकरण कर रहे हैं। आप सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करते हैं, और फिर आप हम पर ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाते हैं...यह विधेयक पूरी तरह से झूठ पर आधारित है, और पिछले 6 महीनों में गलत सूचना अभियान चलाया गया है। भाजपा की फर्जी फैक्ट्री गलत सूचना फैलाने में लगी हुई है।"
3 Apr 2025, 02:06:25 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: मुस्लिम समुदाय के जो 10 सदस्य होंगे उनमें दो महिलाएं होना जरूरी
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: रिजिजू ने कहा कि केंद्रीय वक्फ परिषद में 22 सदस्य होंगे। इसमें चार से अधिक सदस्य गैर मुस्लिम सदस्य नहीं होंगे। इसमें तीन संसद सदस्य (सांसद) होंगे, 10 सदस्य मुस्लिम समुदाय के होंगे, उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के दो पूर्व न्यायाधीश, राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त एक अधिवक्ता, विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति प्राप्त चार व्यक्ति, भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव और संयुक्त सचिव होंगे। उन्होंने कहा कि इनमें मुस्लिम समुदाय के जो 10 सदस्य होंगे उनमें दो महिलाएं होना जरूरी है। राज्य वक्फ़ बोर्ड में 11 सदस्य होंगे। इनमें तीन से अधिक गैर मुस्लिम सदस्य नहीं होंगे जिनमें से एक पदेन सदस्य होगा। एक अध्यक्ष होगा, एक सांसद, एक विधायक, 4 मुस्लिम समुदाय के सदस्य, पेशेवर अनुभव वाले दो सदस्य, बार काउंसिल का एक सदस्य, राज्य सरकार का संयुक्त सचिव शामिल होगा। मुस्लिम समुदाय के चार सदस्यों में से दो महिलाएं होंगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने तो यहां तक दावा कर दिया कि संसद भवन वक्फ की जमीन पर बना है। उन्होंने कहा कि कल्पना करिए कि यदि नरेन्द्र मोदी सरकार सत्ता में नहीं आती तो देश की क्या स्थिति होती?
3 Apr 2025, 02:05:42 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: वक्फ से संबंधित मामलों में 31 हजार से अधिक मामले लंबित
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: रिजिजू ने कहा कि इस विधेयक के प्रावधानों से वक्फ बोर्ड के तहत आने वाली संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन के कारण देश के गरीब मुसलमानों का कल्याण हो सकेगा और उनके उत्थान में मदद मिलेगी। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ने कहा कि विधेयक में प्रावधान किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति अपनी जमीन वक्फ करना चाहता है तो उसमें विधवा या तलाश शुदा महिला अथवा यतीम बच्चों के अधिकार वाली संपत्ति को वक्फ नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा राष्ट्रीय संपत्ति या भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के तहत आने वाले स्मारकों या जमीन को वक्फ संपत्ति घोषित नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि आज वक्फ से संबंधित मामलों में 31 हजार से अधिक मामले लंबित हैं इसलिए वक्फ न्यायाधिकरण को मजबूत बनाया गया है। उन्होंने कहा कि विधेयक में अपील के अधिकार का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति को लगता है कि उसे वक्फ न्यायाधिकरण में न्याय नहीं मिला है तो वह दीवानी अदालतों में अपील कर सकता है।
3 Apr 2025, 02:04:58 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: पांच साल से इस्लाम धर्म का पालन
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: रिजिजू ने कहा कि 2013 के संशोधन के अनुसार कोई भी व्यक्ति वक्फ कर सकता है। उन्होंने कहा कि नए विधेयक में यह प्रावधान किया गया है कि पांच साल से इस्लाम धर्म का पालन करने वाला व्यक्ति ही जमीन वक्फ कर सकता है। उन्होंने कहा कि नये विधेयक में इस्लाम के सभी फिकरों के सदस्यों को वक्फ बोर्ड में स्थान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा इस विधेयक को समावेशी बनाना है। मंत्री ने कहा कि इस विधेयक के पारित होने के बाद लागू होने वाले कानून को नया नाम ‘उम्मीद’ (यूनिफाइड वक्फ मैनेजमेंट एमपॉवरमेंट, एफिशियंसी एंड डवलपमेंट) अधिनियम दिया गया है, जिससे किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। रिजिजू के अनुसार कहा जाता है कि भारत में रेलवे और रक्षा विभाग के बाद सबसे अधिक संपत्ति वक्फ बोर्ड के पास है। उन्होंने कहा कि देखा जाए तो विश्व में सबसे अधिक संपत्ति वक्फ बोर्ड के पास है क्योंकि रेलवे और रक्षा विभाग की जमीन तो जनता की, देश की संपत्ति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि वक्फ से जुड़े मामले का समाधान निकल गया है तो इस विधेयक के प्रावधान ऐसे मामलों पर लागू नहीं होंगे किंतु यदि कोई मामला अदालत में विचाराधीन है तो उसके लिए कुछ नहीं किया जा सकता।
3 Apr 2025, 02:04:16 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: मुतवल्ली के ऊपर निगरानी रखने के लिए वक्फ बोर्ड बनाए गए- रिजिजू
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: रिजिजू ने कहा कि विधेयक में जिस परमार्थ आयुक्त (चैरिटी कमिश्नर) की व्यवस्था की गयी है, उसका काम केवल इतना है कि वक्फ बोर्ड और उसके तहत आने वाली जमीनों का प्रबंधन ठीक से हो रहा है कि नहीं। उन्होंने कहा कि कि इसके माध्यम से सरकार और वक्फ बोर्ड मस्जिद समेत किसी धार्मिक संस्था के किसी धार्मिक कामकाज में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। उन्होंने केरल उच्च न्यायालय और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि वक्फ बोर्ड एक वैधानिक इकाई है और इसके मुतवल्ली की जिम्मेदारी धर्मनिरपेक्ष किस्म की है, धार्मिक किस्म की नहीं। उन्होंने कहा कि इन अदालतों के मुताबिक मुतवल्ली के ऊपर निगरानी रखने के लिए वक्फ बोर्ड बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने से ऐन पहले 5 मार्च 2014 को उस समय की संप्रग सरकार ने आवासन और शहरी विकास मंत्रालय के अधीन 123 मुख्य संपत्तियों को दिल्ली वक्फ बोर्ड को हस्तांतरित कर दिया।
3 Apr 2025, 02:02:19 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: जो भी भ्रांतियां फैलायी जा रही हैं, वे निराधार- रिजिजू
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: रिजिजू ने कहा कि विधेयक में वक्फ संपत्ति को संभालने वाले मुतवल्ली, उसके प्रशासन और उस पर निगरानी का एक प्रावधान है। रीजीजू ने कहा, ‘‘किसी भी तरीके से वक्फ बोर्ड वक्फ संपत्ति का प्रबंधन नहीं करता और उसमें हस्तक्षेप नहीं करता।’’ अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ने 2013 में इस कानून में संशोधन के लिए लाये गये विधेयक पर बनी जेपीसी और वर्तमान जेपीसी के कामकाज की तुलना करते हुए कहा कि उसकी तुलना में नयी समिति के सदस्यों की संख्या, बैठकों की संख्या, विचार विमर्श करने वाले राज्यों की संख्या बहुत अधिक है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के जरिये वक्फ मामलों में मुसलमानों के अलावा किसी अन्य का हस्तक्षेप नहीं होगा और इस बारे में जो भी भ्रांतियां फैलायी जा रही हैं, वे निराधार हैं।
3 Apr 2025, 01:43:31 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: रिजिजू का कांग्रेस पर हमला
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: वक्फ संशोधन विधेयक 2025 पर राज्यसभा में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "2014 के आम चुनावों से पहले आदर्श आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले, 5 मार्च 2014 को यूपीए सरकार ने 123 प्रमुख संपत्तियों को गैर-अधिसूचित कर दिया और उन्हें दिल्ली वक्फ बोर्ड को सौंप दिया। ये संपत्तियां आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय की थीं।"
3 Apr 2025, 01:42:23 PM IST
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: वक्फ संशोधन विधेयक, 2025 का नाम बदलकर उम्मीद रखा जाएगा: रिजिजू
Waqf Amendment Bill 2025 LIVE: अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रिजिजू ने राज्यसभा में कहा कि हम किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत नहीं करते। वक्फ संशोधन विधेयक 2025 पर राज्यसभा में बोलते हुए रिजिजू ने कहा, "वक्फ संशोधन विधेयक, 2025 का नाम बदलकर उम्मीद (यूनिफाइड वक्फ मैनेजमेंट एंपावरमेंट एफिशिएंसी एंड डेवलपमेंट) विधेयक रखा जाएगा।"