997 buses might remove from delhi roads in april problems living in these areas face problem know reason अप्रैल में दिल्ली की सड़कों से हट सकती हैं 997 बसें, इन इलाकों में रहने वालों की बढ़ेगी परेशानी; क्या वजह, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़997 buses might remove from delhi roads in april problems living in these areas face problem know reason

अप्रैल में दिल्ली की सड़कों से हट सकती हैं 997 बसें, इन इलाकों में रहने वालों की बढ़ेगी परेशानी; क्या वजह

दिल्ली में अप्रैल से बसों की किल्लत हो सकती है। एक साथ 997 बसों का संचालन बंद होने से दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पटरी से उतर सकती है और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

Sneha Baluni हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। राजीव शर्माThu, 27 Feb 2025 07:37 AM
share Share
Follow Us on
अप्रैल में दिल्ली की सड़कों से हट सकती हैं 997 बसें, इन इलाकों में रहने वालों की बढ़ेगी परेशानी; क्या वजह

दिल्ली में अप्रैल से बसों की किल्लत हो सकती है। परिवहन विभाग और प्राइवेट बसों का संचालन करने वाली फर्म डिम्ट्स (दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टीमॉडल ट्रांजिट सिस्टम लि.) के बीच चार क्लस्टर के लिए हुआ अनुबंध 15 अप्रैल को खत्म हो जाएगा। इन चार क्लस्टर के सात डिपो से रोजाना 997 बसों का संचालन किया जाता है। अनुबंध खत्म होने पर यह फर्म इन बसों का संचालन बंद कर देगी।

एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बसों का संचालन बंद होने से दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पटरी से उतर सकती है और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली में कुल 14 क्लस्टर में प्राईवेट ऑपरेटरों की बसों का संचालन डिम्ट्स के माध्यम से किया जाता है। इन 14 क्लस्टर में कुल 21 डिपो की जिम्मेदारी इस संस्था के हाथ में है। इनमें से चार क्लस्टर (संख्या-6, 7, 8, 9) का अनुबंध बीते साल जून में खत्म हो गया था। उस वक्त कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन और नई व्यवस्था होने के इंतजार में परिवहन विभाग ने अनुबंध की अवधि 15 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दी थी। अब अनुबंध की यह अवधि डेढ़ महीने बाद समाप्त हो जाएगी। डिम्ट्स ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।

दस्तावेज जमा करने होंगे

डिम्ट्स की ओर से कर्मचारियों को कहा गया है कि उनके बकाये के निपटारे के लिए दस्तावेज कार्यालय में जमा करा दिए जाएं। इन क्लस्टर में करीब दो सौ कर्मचारी काम करते हैं। दस्तावेज जमा करने के बाद ही उनको बकाया मिलेगा।

चुनावी माहौल में अनुबंध को विस्तार मिला था

बीते साल दिल्ली परिवहन विभाग ने डिम्ट्स के साथ हुए अनुबंध की अवधि बढ़ाकर इसे विस्तार दे दिया था। उस वक्त चुनावी माहौल बनने लगा था और दिल्ली सरकार बसों की किल्लत या कर्मचारियों के विरोध का सामना नहीं करना चाहती थी। अब दिल्ली में सत्ता परिवर्तन हो गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि नई सरकार नए सिरे से क्लस्टर बसों के संचालन के लिए नई फर्म का चयन कर सकती है। ऐसे में अनुबंध को एक बार फिर विस्तार मिलने की उम्मीद कम है।

ये सात डिपो शामिल

राजघाट-3, सीमापुरी, दिलशाद गार्डन, बीबीएम-2, ओखला, ढिचाऊं और कैर डिपो। अनुबंध समाप्त होने पर 997 बसों का संचालन बंद हुआ तो इन डिपो के आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।