दिल्लीवालो! दो दिन आसमान से बरसेगी आग, पारा 45 के पार; पढ़ें मौसम का अपडेट
दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। दिन में हीट वेव तो रात में उमस लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लू का अलर्ट जारी किया है।

राजधानी दिल्ली में गर्मी का सितम जारी है। पिछले दो-तीन दिन से दिन-रात गर्मी पड़ रही है। पारा 45 डिग्री के पार तक पहुंच चुका है। हालांकि, 13 जून से राजधानी के लोगों को तेज तपन से राहत मिलने की संभावना है। सोमवार को राजधानी में रिकॉर्ड तापमान दर्ज किया गया।
दो दिनों तक लू का अलर्ट
राजधानी का मानक अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। जबकि न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य था। राजधानी में आर्द्रता का अधिकतम स्तर 71 फीसदी तथा न्यूनतम स्तर 25 फीसदी दर्ज किया गया। सोमवार को राजधानी के कई इलाकों में 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच या कुछ स्थानों पर इससे अधिक तापमान भी दर्ज किया। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के हटने और मानसून में देरी से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में तापमान तेजी से बढ़ा है। पाक से आ रही गर्म हवाएं लू की स्थिति पैदा कर रही हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिन लू की चेतावनी जारी की है।
उमस से दिक्कत,49 डिग्री जितनी गर्मी का अहसास
मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि, यहां पर नमी का स्तर 71 से 25 फीसदी तक रहा। विशेषज्ञों के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का हीट इंडेक्स 49 डिग्री सेल्सियस तक रहा। यानी दिल्ली के लोगों को 49 डिग्री जैसी गर्मी महसूस हुई। पता हो कि तापमान, नमी का स्तर और हवा की गति के अनुसार हीट इंडेक्स तैयार किया जाता है। इसके जरिये महसूस होने वाली गर्मी का स्तर क्या रहा।
बच्चों-बुजुर्गों को बैठे हुए भी हीट स्ट्रोक का खतरा
डॉ. नीरज निश्चल के मुताबिक अधिकतर मामलों में हीट स्ट्रोक तब होता है जब आपका शरीर उच्च तापमान में अत्यधिक परिश्रम के कारण ज़्यादा गर्म हो जाता है। इस स्थिति में आपातकालीन उपचार की आवश्यकता होती है। हालांकि गर्मी में बिना परिश्रम करने वाले ऐसे लोगों को भी हीट स्ट्रोक हो सकता है जिनके शरीर में पानी की कमी हो जाती है। यदि आप पर्याप्त पानी नहीं पीते हैं और गर्मी में बैठे रहते हैं तो भी हीट स्ट्रोक हो सकता है।
गर्मी से बचने के लिए करें ये उपाय
-खूब पानी पिएं, कम से कम 8 से 9 लीटर पानी पीना चाहिए। अगर पहले से दिल का किडनी की बीमारी है तो इस बारे में डॉक्टर से बात जरूर कर लें।
-गाड़ी पार्क करते समय गाड़ी में बच्चों , बुजुर्गों और पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ें।
-बाहर निकलते समय सनस्क्रीन लगा सकते हैं। आम तौर पर 30 से 50 एसपीएफ की सनस्क्रीन का इस्तेमाल बेहतर होता है।
-हरी सब्जियों का ज्यादा उपयोग करें।