'पति को भाभी संग…'; ग्रेटर नोएडा में महिला व 2 बच्चों की सुसाइड स्टोरी में आया अवैध संबंध वाला मोड़
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पुराना हैबतपुर में शुक्रवार को महिला द्वारा अपने दो बच्चों के साथ खुदकुशी करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। महिला के भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन अपने पति और जेठानी की प्रताड़ना से तंग आ चुकी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पुराना हैबतपुर में शुक्रवार को महिला द्वारा अपने दो बच्चों के साथ खुदकुशी करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। महिला के भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन अपने पति और जेठानी की प्रताड़ना से तंग आ चुकी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के भाई ने देवर-भाभी के बीच अवैध संबंध होने का आरोप लगाया है।
मूलरूप से लखनऊ के रहने वाले दिलीप कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन आरती की शादी वर्ष 2012 में रायबरेली के रहने वाले राजकुमार के साथ की थी। राजकुमार पिछले काफी दिन से अपने भाई राजा राम और भाभी सावित्री के साथ पुराना हैबतपुर स्थित जगदंबा एंक्लेव कॉलोनी में रहता है। आरोप है कि आरती ने उन्हें बताया था कि उसके पति राजकुमार के अपनी भाभी सावित्री से अवैध संबंध हैं।
इस बात की जानकारी होने पर मायके पक्ष के लोगों ने दोनों को काफी समझाया, लेकिन वह अपनी हरकत से बाज नहीं आए। दिलीप कुमार ने बताया कि गुरुवार को आरती ने अपने पति को उसकी भाभी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। आरती ने इसका विरोध किया तो इस बात को लेकर दोनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरती ने दोनों की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी बेटी सोहनी और बेटे रोहन के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी पति और जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी राजकुमार और सावित्री को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों की प्रताड़ना से परेशान थी महिला
मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि राजकुमार से आरती की दूसरी शादी हुई थी। इसके चलते राजकुमार उसे शुरू से ही परेशान करता था। उसे समय पर खाना नहीं दिया जाता था। उसे जमीन पर सुलाया जाता था। खर्चे के लिए भी रुपये नहीं दिए जाते थे। उसके पास मोबाइल भी नहीं था। वह परिवार के लोगों से छिपकर फोन पर बात करती थी। पति और जेठानी की प्रताड़ना से आरती काफी टूट चुकी थी।