डीयू की प्रिंसिपल ने क्लासरूम की दीवारों पर लगाया गाय के गोबर का लेप, वजह भी बताई
दिल्ली यूनिवर्सिटी के एक कॉलेज की प्रिंसिपल क्लासरूम की दीवारों पर गाय के गोबर का लेप लगा रही थीं। ऐसा करते हुए उनका एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वह अपने स्टाफ की मदद से दीवारों पर गोबर लगाती नजर आ रही हैं।

दिल्ली यूनिवर्सिटी के एक कॉलेज की प्रिंसिपल क्लासरूम की दीवारों पर गाय के गोबर का लेप लगा रही थीं। ऐसा करते हुए उनका एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वह अपने स्टाफ की मदद से दीवारों पर गोबर लगाती नजर आ रही हैं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्रिंसिपल को कक्षा की दीवारों पर गाय के गोबर का लेप लगाते हुए एक वीडियो सामने आया है। प्रिंसिपल प्रत्युष वत्सला ने पीटीआई को बताया कि यह काम एक संकाय सदस्य द्वारा किए जा रहे शोध का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का नाम पारंपरिक भारतीय ज्ञान का उपयोग करके ताप तनाव नियंत्रण (हीट स्ट्रेस कंट्रोल) का अध्ययन है।
उन्होंने कहा कि यह प्रक्रियाधीन है। मैं एक सप्ताह के बाद पूरे शोध का विवरण साझा कर पाऊंगी। शोध पोर्टा केबिन में किया जा रहा है। मैंने उनमें से एक को खुद ही लेपा है क्योंकि प्राकृतिक मिट्टी को छूने से कोई नुकसान नहीं है। कुछ लोग पूरी जानकारी जाने बिना गलत सूचना फैला रहे हैं। वीडियो में वत्सला स्टाफ की मदद से दीवारों पर गोबर लगाती नजर आ रही हैं।
कथित तौर पर उन्होंने खुद ही कॉलेज के शिक्षकों के समूह में वीडियो शेयर किया। इसमें बताया गया कि सी ब्लॉक में क्लासरूम को ठंडा रखने के लिए देसी तरीके अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने संदेश में लिखा, "जिन लोगों की कक्षाएं यहां हैं, उन्हें जल्द ही ये कमरे नए रूप में मिलेंगे। आपके शिक्षण अनुभव को सुखद बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।" 1965 में स्थापित और झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर बना यह कॉलेज अशोक विहार में स्थित है और दिल्ली सरकार के अधीन संचालित होता है।