Severe Power Outages in Lohaani Due to Faulty Underground Lines Affecting Thousands भूमिगत लाइन में फाल्ट होने से 12 घंटे गुल रही बिजली, Ghaziabad Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsSevere Power Outages in Lohaani Due to Faulty Underground Lines Affecting Thousands

भूमिगत लाइन में फाल्ट होने से 12 घंटे गुल रही बिजली

लोनी में भूमिगत लाइन में फॉल्ट के कारण 12 घंटे तक बिजली गुल रही, जिससे लगभग 10,000 लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के बाद बिजली आपूर्ति सुबह 11 बजे सुचारू हुई। गर्मी में बिजली न मिलने से...

Newswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबादSat, 26 April 2025 09:26 PM
share Share
Follow Us on
भूमिगत लाइन में फाल्ट होने से 12 घंटे गुल रही बिजली

लोनी। भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था पटरी से उतरने लगी है।लोनी में भूमिगत लाइन में फाल्ट होने के कारण 12 घंटे बिजली गुल रही। इससे करीब दस हजार लोगों ने परेशानी झेली। परेशान लोगों ने शनिवार सुबह उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। वहीं गाजियाबाद और ट्रांस हिंडन क्षेत्र में भी बिजली कटौती रही। दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित लोनी थाने के सामने भूमिगत केबल में फाल्ट हो गया। इससे लाल बाग उपकेंद्र से इंद्रापुरी, बलराम नगर, लाल बाग और गिरी मार्किट कालोनी में आपूर्ति ठप हो गई।

शुक्रवार रात करीब 11 बजे बिजली चली गई थी। लोगों ने विद्युत अधिकारियों को कई बार फोन किए, लेकिन जवाब नहीं दिया। गर्मी में रात भर बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होने के कारण परेशानी उठानी पड़ी। सुबह घरों में टंकी का पानी खत्म हो गया। सुबह करीब 10 बजे तक बिजली न आने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड सभासद सुनीता सोम, सिद्धू, राजन चंदन समेत अन्य ने लाल बाग विद्युत उपकेंद्र पर विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी की। भूमिगत लाइन में फॉल्ट ढूंढ़ने में समय लग गया था। सुबह करीब 11 बजे तक विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई।

लोगों का पक्ष

रात भर बिजली न होने से गर्मी से बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी हुई। रात जाग कर काटी। बाजार से पानी खरीदकर घर का काम चलाया। -राकेश नेगी, लाल बाग।

बिजली न होने से घरों में लगे इनवर्टर जवाब दे गए। सुबह पानी खत्म होने पर समय से घरेलू कार्य नहीं हो सके। कॉलोनी के लोगों ने बाजार से पानी खरीदा।

-कपिल धामा, बलराम नगर।

भूमिगत लाइन में फॉल्ट होने से आपूर्ति बाधित हुई थी। सुबह करीब नौ घंटे बाद फॉल्ट ठीक कर विद्युत आपूर्ति सुचारू करा दी थी। -मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता।

इन इलाकों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रही

शनिवार को गाजियाबाद क्षेत्र के कई इलाकों में तीन से चार घंटे बिजली कटौती हुई। लाल कुआं क्षेत्र के शंकर विहार में सुबह चार से आठ बजे तक बिजली गुल रही। सुबह बिजली नहीं आने से लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ा।लोगों का कहना है कि कई दिन से बिजली परेशान कर रही है।वहीं चन्नी बिहार में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली गुल रही। गोविन्दपुरम में बिजनेस प्लान के तहत मरम्मत कार्य कराए जा रहे हैं। इस कारण सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। लोगों ने बताया गर्मी में मरम्मत कार्य होने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है। इस कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा राजकंपाउंड, दीप विहार, प्रताप विहार, लोहिया नगर, राम नगर, अंबेडकर नगर, सुभाष नगर, पंचशील कॉलोनी सहित कई इलाकों में बिजली कटौती हुई।

ट्रांस हिंडन में ट्रिपिंग से परेशानी

ट्रांस हिंडन में ट्रिपिंग की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रात आठ से 12 बजे के बीच सबसे ज्यादा ट्रिपिंग हो रही है। एक घंटे में दो से तीन बार बिजली आ-जा रही है। शुक्रवार रात भी यही हाल रहा। ट्रांस हिंडन के विभिन्न क्षेत्र में दिन भर बिजली की आवाजाही से लाखों उपभोक्ता परेशान रहे। इसकी वजह बिजली की मांग और सप्लाई के बीच अंतर बताया जा रहा है। गरिमा गार्डन, इरशाद गार्डन, महिला कॉलोनी, शालीमार गार्डन, शहीद नगर, लाजपत नगर, वसुंधरा, वैशाली समेत कई अन्य क्षेत्र में बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। विद्युत निगम जोन तीन के मुख्य अभियंता दीपक अग्रवाल का कहना है कि गर्मी के दिन शुरू होते ही बिजली की मांग बढ़ने लगती है। इससे ट्रांसफार्मर गर्म होने लगते हैं। ऊपर से धूप की तप से भी ट्रांसफार्मर ओवर हीट कर जाते हैं। इससे बिजली ऑटो कट हो जाती है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।