How did weather change so much in Delhi, IMD told reasons for this दिल्ली में कैसे इतना बदल गया मौसम का मिजाज, IMD ने बताए इसके कारण, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर NewsHow did weather change so much in Delhi, IMD told reasons for this

दिल्ली में कैसे इतना बदल गया मौसम का मिजाज, IMD ने बताए इसके कारण

दिल्ली में बीते 24 घंटे में मौसम अचानक बदलाव देखने को मिला है। सोमवार का दिन गर्म और उमस भरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार, हालांकि दिन का अधिकतम तापमान 40.8°C दर्ज किया गया, लेकिन ह्यूमिडिटी 44% से 74% तक दर्ज की गई, जिसने दिल्ली के हीट इंडैक्स (एचआई) को 48.5°C तापमान जैसा 'रियल फील' दिया।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। जसजीव गांधीओक (हिन्दुस्तान टाइम्स)Tue, 20 May 2025 11:33 AM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में कैसे इतना बदल गया मौसम का मिजाज, IMD ने बताए इसके कारण

राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटे में मौसम अचानक बदलाव देखने को मिला है। सोमवार का दिन गर्म और उमस भरा रहा। मौसम विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, हालांकि दिन का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो वर्ष के इस समय के लिए सामान्य है। लेकिन ह्यूमिडिटी 44% से 74% तक दर्ज की गई, जिसने दिल्ली के हीट इंडैक्स (एचआई) को 48.5 डिग्री सेल्सियस तापमान जैसा 'रियल फील' दिया।

हाई ह्यूमिडिटी के कारण दिल्ली में बिजली की खपत भी बढ़ गई है। इस मौसम में पहली बार बिजली की अधिकतम मांग 7000 मेगावाट को पार कर गई है।

एक दिन पहले दिल्ली का हीट इंडैक्स 43.6 डिग्री सेल्सियस था और एक दिन में इतनी तेजी से हुई वृद्धि के कारण असहज स्थिति पैदा हो गई।

क्या है वेट बल्ब टेम्प्रेचर?

दिल्ली का वेट बल्ब टेम्प्रेचर, जो बाहर की गर्मी से होने वाली असुविधा का एक और इंडिकेटर है, उसी समय 28.87 डिग्री सेल्सियस था। 32 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक का वेट बल्ब टेम्प्रेचर स्वस्थ लोगों के लिए भी लंबे समय तक बाहर काम करना मुश्किल बना देता है। 35 डिग्री सेल्सियस वेट बल्ब टेम्प्रेचर की अधिकतम सीमा पर इंसान बॉडी टेम्प्रेचर को नियंत्रित नहीं कर सकता, जिससे हीटस्ट्रोक और संभावित रूप से बेहोशी की स्थिति पैदा हो सकती है।

आईएमडी ने दिल्ली के अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई है, लेकिन उमस अधिक रहने की उम्मीद है। शनिवार तक हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना है। इस बीच, दिल्ली में अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, हालांकि 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चलेंगी।

शनिवार तक गरज और बारिश की संभावना

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "मंगलवार से शनिवार तक कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और हल्की बारिश की संभावना है। हाई टेम्प्रेचर और कुछ नमी के कारण ऐसी बारिश की संभावना है।"

स्काईमेट मौसम विज्ञान के वाइस प्रेजिडेंट महेश पलावत ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में एक के बाद पश्चिमी विक्षोभ दर्ज किए गए हैं, जिससे ह्यूमिडिटी हाई बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में मौजूद है और यह साइक्लोनिक सर्कुलेशन ही क्षेत्र में नमी ला रहा है। साथ ही, तापमान अधिक है और इससे स्थानीय स्तर पर गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और फिर कम लेकिन तेज बारिश होती है।

दिल्ली में बारिश के आसार

भाषा के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग ने दिन में आंधी और बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। दिल्ली में सुबह साढ़े 8 बजे आर्द्रता 67 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राजधानी में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 194 रहा जो ‘मध्यम श्रेणी’ में आता है।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।