कर्नाटक में सत्ता हथियाने की कोशिश कर रही भाजपा: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह कर्नाटक में उनकी सरकार को गिराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने और एकजुट रहने की सलाह दी। खरगे ने...

कलबुर्गी (कर्नाटक), एजेंसी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर कर्नाटक में उनकी पार्टी की सरकार को गिराकर सत्ता हथियाने का प्रयास करने का बुधवार को आरोप लगाया। खरगे ने इस बाबत कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से सतर्क रहने तथा आंतरिक मतभेदों को दूर कर एकजुट रहने को कहा। राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, आपने (भाजपा ने) देश के लिए क्या किया है? केवल ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई का इस्तेमाल करते हैं और डर पैदा करने की कोशिश करते हैं। जहां भी कांग्रेस सत्ता में है, वे वहां की सरकारों को गिराकर सत्ता हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में भी इसी तरह की कोशिशें की जा रही हैं। खरगे ने कहा, यहां हमारे लोगों (कांग्रेस) को सतर्क रहना चाहिए। आपके बीच चाहे जो भी आंतरिक मतभेद हों, आपको एकजुट रहना चाहिए। लोगों की रक्षा के लिए आपको सत्ता दी गई है। उनकी रक्षा करना आपके हाथ में है। वे (भाजपा) वहां बैठे हैं, लूट रहे हैं और दरार पैदा कर रहे हैं। खरगे यहां राज्य सरकार द्वारा आयोजित एक नौकरी मेले को संबोधित कर रहे थे जिसमें मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और राज्य के कई मंत्री शामिल हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।