Controversy Arises Over MP Minister s Remarks on Colonel Sofia Qureshi मध्य प्रदेश के मंत्री ने कर्नल सोफिया पर दिया विवादित बयान, माफी मांगी, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsControversy Arises Over MP Minister s Remarks on Colonel Sofia Qureshi

मध्य प्रदेश के मंत्री ने कर्नल सोफिया पर दिया विवादित बयान, माफी मांगी

मध्य प्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी की, जिसके बाद राजनीतिक हंगामा मचा। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से मंत्री की बर्खास्तगी की मांग की है। भाजपा ने मामले पर...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 13 May 2025 11:28 PM
share Share
Follow Us on
मध्य प्रदेश के मंत्री ने कर्नल सोफिया पर दिया विवादित बयान, माफी मांगी

भोपाल/नई दिल्ली, एजेंसियां/वि.सं.। मध्य प्रदेश के जनजातीय कल्याण मंत्री कुंवर विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान दिया है। इस बयान पर जब राजनीति गरमाई तो मंत्री ने माफी मांग ली। वहीं, कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने मामले में संज्ञान लिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह ने ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में आपत्तिजनक बयान दिया है। इसके बाद एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्होंने सफाई दी।

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी से मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है। दूसरी ओर केंद्रीय नेतृत्व ने टिप्पणी पर संज्ञान लिया है। दरअसल, इंदौर में आयोजित हलमा कार्यक्रम को मंत्री कुंवर विजय शाह जनता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में सेना की कार्रवाई के बारे में मीडिया ब्रीफिंग को लेकर सुर्खियों में आई कर्नल के लिए मंत्री की जुबान फिसल गई। उन्होंने सेना की कार्रवाई के बारे में बोलते हुए कर्नल के लिए विवादित बयान दे डाला। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद वह कांग्रेस के निशाने पर आ गए। विवाद बढ़ने पर भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने विजय शाह को भोपाल स्थित प्रदेश मुख्यालय तलब किया। सूत्रों के मुताबिक, शर्मा ने उन्हें उनकी टिप्पणी के लिए फटकार लगाई। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा से भी मुलाकात की। इसके बाद मीडिया के समक्ष सफाई देते हुए विजय शाह ने कहा कि पहलगाम में जिस निर्ममता के साथ लोगों की हत्या की गई थी, उससे उनका मन विचलित था। इसी क्रम में उनके मुंह से यह बात निकल गई। भाजपा नेता ने कहा, सोफिया बहन ने राष्ट्र धर्म निभाते हुए जाति और धर्म से ऊपर उठकर हिंदुस्तान का नाम रौशन किया है। वह हमारी सगी बहन से भी ज्यादा सम्मानित हैं। मैं उन्हें सलाम करता हूं। उन्होंने कहा, हम सपने में भी उनके अपमान की बात नहीं सोच सकते हैं। फिर भी समाज और धर्म को मेरी बातों से चोट पहुंची है, तो मैं दस बार माफी मांगने को तैयार हूं। कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर विजय शाह के वीडियो को साझा करते हुए सवाल किया कि भाजपा तुरंत यह बताए कि क्या विजय शाह की घटिया सोच से वह सहमत है? उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से शाह की टिप्पणी पर जवाब और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनका इस्तीफा मांगा। दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा की मध्य प्रदेश सरकार के एक मंत्री ने हमारी वीर बेटी कर्नल सोफिया क़ुरैशी के बारे में बेहद अपमानजनक, शर्मनाक और ओछी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि पहलगाम के आतंकी देश को बांटना चाहते थे, पर आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने में पूरे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश एकजुट था। भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन दोनों की मानसिकता महिला विरोधी रही है। पहले पहलगाम में शहीद नौसेना ऑफिसर की पत्नी को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया, फिर विदेश सचिव विक्रम मिसरी की बेटी को तंग किया और अब भाजपा के मंत्री हमारी वीरांगना सोफिया कुरैशी के लिए अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री को ऐसे मंत्री को फौरन बर्खास्त कर देना चाहिए। -- आवास के बाहर प्रदर्शन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक समूह ने राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित विजय शाह के आवास के बाहर देर शाम प्रदर्शन किया। उनके इस्तीफे की मांग करते हुए उनके नामपट्ट पर कालिख पोत दी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।