जल संकट दूर करने की बजाय जिम्मेदारियों से भाग रही दिल्ली सरकारः कांग्रेस
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह गर्मी में जल संकट को हल करने के बजाय पिछली सरकार की नाकामियों का हवाला दे रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को प्रतिदिन लगभग...

नई दिल्ली, प्र.सं.। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आरोप लगाया है कि भीषण गर्मी में जल संकट दूर करने की बजाय भाजपा सरकार पिछली सरकार की नाकामियों को उजागर करके अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रति व्यक्ति जलापूर्ति नहीं कर पाना भाजपा सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है। यादव ने कहा कि दिल्ली की बढ़ती आबादी के लिए प्रतिदिन लगभग 1290 एमजीडी पानी की जरूरत है। लेकिन, दिल्ली जल बोर्ड 990 एमजीडी पानी ही प्रतिदिन शोधित कर पाता है। इसके साथ ही दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार 52 फीसदी पानी चोरी या बर्बाद हो जाता है।
जल बोर्ड दिल्ली में पीने योग्य पानी का उत्पादन और वितरण करने की जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस आरटीआई प्रकोष्ठ द्वारा मांगी गई जानकारी के अनुसार यमुना का प्रदूषित और गंदा पानी लोगों को मिल रहा है। इसे भाजपा सरकार ने भी स्वीकार किया है कि वर्ष 2025 में अप्रैल महीने तक 811 शिकायतें गंदे पानी की आपूर्ति की मिली हैं। इसी दौरान 1835 शिकायतें पानी की आपूर्ति नहीं होने की भी हुई हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली 90 फीसदी जलापूर्ति के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर है। दिल्ली में पानी की भारी किल्लत है, जिसका हल निकालने का भाजपा सरकार द्वारा प्रयास नहीं किया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।