हिंदुस्तान असर: नेत्रहीन छात्रों के स्कूल के पास से हटाया गया कूड़े का ढेर
दिल्ली नगर निगम ने रघुबीर नगर के बी-ब्लाक में स्थित अखिल भारतीय नेत्रहीन संघ के स्कूल के पास पड़े कूड़े के ढेर को हटाने की कार्रवाई की। यह कदम हिंदुस्तान में प्रकाशित एक खबर के बाद उठाया गया। स्कूल...

- हिंदुस्तान में प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेकर नगर निगम ने की कार्रवाई नई दिल्ली, कार्यालय संवाददाता। दिल्ली नगर निगम ने रघुबीर नगर के बी-ब्लाक स्थित अखिल भारतीय नेत्रहीन संघ के स्कूल के नजदीक पड़े कूड़े के ढेर को हटाकर सफाई करा दी है। बुधवार को हिंदुस्तान में 'यह ढलावघर कागजों में बंद है, लेकिन हकीकत देखिये' शीर्षक के साथ प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेते हुए निगम ने कार्रवाई की। निगम अधिकारियों ने कहा कि उनका प्रयास रहता है कि वह क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि साफ-सफाई बरकरार रखने के लिए लोगों को भी विभाग का सहयोग करना चाहिए।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में पेश रिपोर्ट में नगर निगम ने स्कूल के नजदीक मौजूद डी-पांच ढलावघर को बंद करने का दावा किया था। लेकिन जमीनी हकीकत यह थी कि वहां पर लगातार कचरा फेंका जा रहा था। कूड़े के ढेर में बेसहारा पशु खाने की तलाश में घूम रहे थे। साथ ही कचरे को इधर-उधर फैला रहे थे। जिसके कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा था। पैदल चलने वालों को भी मुंह और नाक को ढककर निकलना पड़ रहा था। समस्या की वजह से नेत्रहीन छात्रों व आसपास के स्थानीय निवासियों को सांस लेने में तकलीफ, दुर्गंध और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
बुधवार को हिंदुस्तान ने छात्रों की परेशानी को प्रमुखता से प्रकाशित किया। प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेते हुए निगम अधिकारियों ने कार्रवाई कराते हुए वहां पर साफ-सफाई करा दी। स्कूल प्रशासन ने हिंदुस्तान का धन्यवाद किया और कहा कि अब बच्चों को कुछ राहत मिलेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।