खेल : बेंगलुरु ने जीत के साथ खत्म किया अभियान
महिला प्रीमियर लीग के अंतिम लीग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कप्तान स्मृति मंधाना की अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस को 11 रन से हराया। बेंगलुरु ने 199 रन बनाए...

(डब्ल्यूपीएल) मुंबई, एजेंसी। कप्तान स्मृति मंधाना (53) की अर्धशतकीय पारी के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मंगलवार को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के अंतिम लीग मैच में मुंबई इंडियंस को 11 रन से पराजित किया। पहले ही प्लेऑफ से बाहर हो चुके बेंगलुरु ने जीत के साथ अभियान का अंत किया। मुंबई हार के साथ दूसरे नंबर पर रही। अब उसे 13 मार्च को एलिमिनेटर में गुजरात से खेलना होगा। दिल्ली कैपिटल्स सीधे 15 मार्च को फाइनल खेलेगी।
बेंगलुरु की कप्तान मंधाना ने एस मेघना (26) के साथ पहले विकेट के लिए 22 गेंद में 41 और पैरी (नाबाद 49) के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी भी की। रिचा घोष ने 36 और अंत में जॉर्जिया वेयरहैम ने 10 गेंद में नाबाद 31 रन बनाए। टीम ने अंतिम पांच ओवर में 70 रन जोड़े। इससे बेंगलुरु ने तीन विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम नैट स्किवर ब्रंट (69) के अर्धशतक के बावजूद नौ विकेट पर 188 रन ही बना पाई। संजना ने 12 गेंद में 23, हरमनप्रीत ने 20, मैथ्यूज ने 19 और अमनजोत कौर ने 17 रन बनाए। बेंगलुरु के लिए स्नेह राणा ने तीन जबकि पैरी और किम ने दो-दो विकेट झटके।
पैरी ने लैनिंग को पीछे छोड़ा : पैरी लीग में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी बनी। वह 26 मैचों में 64.80 की औसत से 972 रन बना चुकी हैं। उन्होंने मेग लैनिंग (939) को पीछे छोड़ा। मुंबई के लिए हेली मैथ्यूज दो और अमेलिया केर ने एक विकेट लिया। मुंबई पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुका है जबकि बेंगलुरु बाहर हो चुका है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।