गाजियाबाद में बदमाश कादिर को पकड़ने गई नोएडा पुलिस पर बड़ा हमला, गोलीबारी-पथराव में कांस्टेबल की मौत
गाजियाबाद में बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर घातक हमला कर दिया गया। पथराव और गोलीबारी में एक कांस्टेबल की मौत हो गई। बदमाश को छुड़ा लिया गया।

गाजियाबाद में बदमाश को पकड़ने गई नोएडा पुलिस की टीम पर घातक हमला कर दिया गया। पथराव और गोलीबारी करके ना सिर्फ बदमाश को छुड़ा लिया गया, बल्कि एक कांस्टेबल की जान भी ले ली। पुलिस बदमाश और हमला करने वाले लोगों की तलाश में जुटी है।
गाजियाबाद में थाना मसूरी के तहत आने वाले नाहल गांव में नोएडा फेज-3 थाने की पुलिस पहुंची थी। नोएडा पुलिस की यह टीम गांव में कादिर उर्फ मंटा को पकड़ने गई थी। पुलिसकर्मियों ने कादिर को पकड़ भी लिया था, लेकिन इसी बीच उसके 8-10 साथियों ने हमला कर दिया।
पुलिस टीम पर पथराव कर दिया और गोलीबारी भी शुरू हो गई। इससे पहले कि पुलिस संभल पाती भीड़ ने बदमाश को छुड़ा लिया। इस दौरान कांस्टेबल सौरभ के सिर में गोली मार दी गई।
सौरभ को तत्काल नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नोएडा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा का कहना है कि बदमाश की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है।
गाजियाबाद के डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि थाना मसूरी पर एक सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम नाहल में गौतमबुद्धनगर के एक कांस्टेबल सौरभ को गोली लग गई है, जिसे उसकी टीम यशोदा अस्पताल ले गई। उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है। वांछित अभियुक्त कादिर की गिरफ्तारी के लिए टीम आई हुई थी। उसी दौरान ये घटना हुई है इसमें थाना फेस-3 गौतमबुद्धनगर के उपनिरीक्षक सचिन द्वारा एक तहरीर प्रदान की गई है। थाना मसूरी पर तहरीर के आधार पर एफआईआर की गई है।