प्रतिबंधित कछुओं की तस्करी करने वाले गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा की पुलिस ने प्रतिबंधित कछुओं की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 33 कछुए बरामद किए। आरोपी रिंकू और सोनू यमुना से कछुए पकड़कर दिल्ली में बेचते थे। एनजीओ की मदद से...

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। सेक्टर बीटा-2 कोतवाली की पुलिस ने प्रतिबंधित कछुओं की तस्करी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 33 कछुए बरामद किए। एक एनजीओ की मदद से पुलिस ने कार्रवाई की। सेक्टर बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान हापुड़ के रती गांव के रहने वाले रिंकू और सोनू के रूप में हुई। दोनों आरोपी यमुना से कछुए पकड़कर दिल्ली में बेचने का काम करते थे। एक कछुए की कीमत दो हजार रुपये बताई गई है। पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी रिंकू का साथी भीम दिल्ली में वन्य जीव तस्करी के मामले में गिरफ्तार हुआ था।
पीपल्स फॉर एनिमल्स एनजीओ के गौरव ने बताया कि उन्हें काफी समय से सूचना मिल रही थी कि ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों में कछुओं की तस्करी की जा रही है। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी थी। पुलिस के साथ मिलकर तस्करों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। गौरव ने दिल्ली की जामा मस्जिद के पास रहने वाले हाजी नावेद से संपर्क कर 100 कछुओं की डील तय की। नावेद ने कछुओं की तस्करी करने वाले आरोपी रिंकू का नंबर दिया। इसके बाद गौरव ने खुद ग्राहक बनकर रिंकू से संपर्क किया। शनिवार को रिंकू अपने साथी सोनू के साथ नट मडैया के पास कछुओं की डिलीवरी देने के लिए पहुंचा था। जैसे ही उन्होंने कछुए दिए पुलिस टीम ने दोनों को दबोच लिया। बरामद किए गए कछुए सुरक्षित वन विभाग के हवाले किए गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।