ट्रक से कुचलकर रिक्शा सवार दो कर्मचारियों की मौत
दादरी के छपरौला गांव में एक ट्रक की टक्कर से दो फैक्टरी कर्मचारियों की मौत हो गई। दोनों बुलंदशहर से खिलौने छोड़कर लौट रहे थे। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। संतोष, एक 22 वर्षीय युवक, अपने...

दादरी, संवाददाता। बादलपुर क्षेत्र के छपरौला गांव के पास ट्रक की टक्कर से रिक्शा सवार दो फैक्टरी कर्मचारियों की मौत हो गई। दोनों रिक्शा से बुलंदशहर में खिलौने छोड़कर लौट रहे थे। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बिहार के जनपद सीतामढ़ी का रहने वाला 22 वर्षीय संतोष खिलौने बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था। वह बुधवार सवेरे कर्मचारी अमित के साथ बुलंदशहर में रिक्शा से खिलौने की सप्लाई छोड़कर वापस आ रहा था। वे दोनों छपरौला पुलिस चौकी के पास पहुंचे तो ट्रक ने रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। संतोष तीन भाइयों में दूसरे था। संतोष के बड़े भाई राकेश ने बताया कि अंतिम संस्कार करने के लिए शव को गांव ले जाने का मन था, मगर सीतामढ़ी के लिए गाड़ी 30 हजार रुपये किराए के मांग रही थी। इस कारण गाजियाबाद के हिंडन घाट पर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। संतोष के एक मित्र ने बताया कि हिंडन घाट पर भी अंतिम संस्कार करने के लिए रुपये नहीं थे। गांव के अन्य लोग भी नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में नौकरी करते हैं। चंदा इकट्ठा कर अंतिम संस्कार किया गया। संतोष के परिवार की स्थिति ठीक नहीं है। संतोष पर परिवार की जीविका चलाने की ज्यादातर जिम्मेदारी थी। अप्रैल में बहन की शादी होनी है। इसके लिए संतोष फैक्टरी में ओवरटाइम नौकरी कर रहा था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।