rape case against ipl player shivalik sharma in rajasthan IPL खिलाड़ी पर राजस्थान में रेप का केस, लड़की बोली- शादी का वादा करके बनाते रहे संबंध, Rajasthan Hindi News - Hindustan
Hindi Newsराजस्थान न्यूज़rape case against ipl player shivalik sharma in rajasthan

IPL खिलाड़ी पर राजस्थान में रेप का केस, लड़की बोली- शादी का वादा करके बनाते रहे संबंध

आईपीएल क्रिकेटर शिवालिक शर्मा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। जोधपुर की कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।

Sudhir Jha लाइव हिन्दुस्तानFri, 2 May 2025 04:18 PM
share Share
Follow Us on
IPL खिलाड़ी पर राजस्थान में रेप का केस, लड़की बोली- शादी का वादा करके बनाते रहे संबंध

आईपीएल क्रिकेटर शिवालिक शर्मा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। जोधपुर की कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पीड़िता का आरोप है कि पहले सगाई तय की गई, फिर शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए गए और बाद में रिश्ते से इनकार कर दिया गया। शिवालिक ऑलराउंडर के तौर पर मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे हैं, लेकिन कभी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना पाए।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में उसकी सगाई शिवालिक शर्मा से तय हुई थी। इसके बाद दोनों जोधपुर समेत अन्य स्थानों पर मिले और उनके बीच शारीरिक संबंध बने। पीड़िता का दावा है कि यह सब शादी के वादे के आधार पर हुआ।

वर्ष 2024 में पीड़िता और उसके परिजनों को बड़ौदा बुलाया गया, लेकिन वहां शिवालिक के परिवार ने सगाई से इनकार कर दिया। इस घटना से आहत होकर पीड़िता ने जोधपुर लौटकर कुड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़िता के बयान कोर्ट में दर्ज करवाए। घटनास्थलों का मौका मुआयना किया गया और अन्य गवाहों के बयान भी लिए जा रहे हैं। एसीपी आनंद सिंह राजपुरोहित ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़िता के बयान लिए जा चुके हैं। मौका निरीक्षण और साक्ष्य संकलन का काम जारी है। जल्द ही अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कानूनी पहलू क्या कहते हैं?

अगर जांच में आरोप सिद्ध होते हैं, तो आईपीएल खिलाड़ी शिवालिक शर्मा पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत दुष्कर्म का मामला बनता है। शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाना कानून के तहत अपराध की श्रेणी में आता है और दोष सिद्ध होने पर कठोर सजा का प्रावधान है।

क्या आगे हो सकती है गिरफ्तारी?

पुलिस सूत्रों के अनुसार, साक्ष्य और गवाहों की पुष्टि के बाद शिवालिक शर्मा की गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।