फास्ट फूड और तंबाकू से हो रहा पायरिया
Agra News - फास्ट फूड, तंबाकू और चिपचिपे पदार्थ जैसे टॉफी और जैली दांतों के खराब होने के मुख्य कारण हैं। डॉक्टरों ने दांतों की बीमारियों और उनके इलाज पर चर्चा की। नई तकनीक से रूट कैनाल की सफलता दर 99 प्रतिशत तक...

फास्ट फूड, तंबाकू, चिपचिपे पदार्थ जैसे टॉफी और जैली से दांत खराब हो रहे हैं। पायरिया के पीछे भी यही बड़े कारण हैं। इसलिए इन चीजों की आदत को तत्काल त्याग देना ठीक रहेगा। वरना दांतों के खोने का जोखिम बढ़ जाएगा। फतेहाबाद रोड स्थित होटल में इंडियन एसोसिएशन आफ कंजरवेटिव डेंटिस्ट्री एंड एंडोडोंटिक्स की 25वीं आईएसडी नेशनल पीजी कन्वेंशन के दूसरे दिन डॉक्टरों ने दांतों की बीमारियों और उनके आधुनिक इलाज पर व्याख्यान दिए। इसमें महाराष्ट्र के डॉ. अभिषेक बादाडे ने बताया कि खराब खानपान से भी दातों को पहले बीमारियां लगती हैं, फिर जड़ें तक खराब हो जाती हैं। साथ ही अधिकतर लोग सुबह और शाम को अच्छी तरह ब्रश नहीं करते हैं। विशेषकर रात को ब्रश करके न सोने वालों को समस्या ज्यादा जकड़ रही हैं। दिल्ली के डॉ. प्रशांत भसीन ने बताया कि अब रूट कैनाल की नई तकनीकी आ गई है। माइक्रोस्कोपी से कैनाल किए जा रहे हैं। अभी तक ओपन सर्जरी में सफलता की दर अच्छी नहीं थी। अब यह 99 प्रतिशत हो गई है। इससे मरीजों को जल्दी राहत मिलती है, खानपान में भी अधिक दिनों तक परेशानी नहीं होती। अधिवेशन में देशभर के दंत रोग विशेषज्ञ करीब 1200 शोधपत्र पेश करेंगे। इसमें भाग लेने के लिए 1500 से अधिक प्रतिनिधि भी आए हैं। रविवार को इसका समापन होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।