Preparations for Maharishi Parshuram Procession on May 4 in Agra Hindered by Poor Road Conditions बोले आगरा, परशुराम शोभायात्रा की राह में ‘रोड़े, Agra Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsAgra NewsPreparations for Maharishi Parshuram Procession on May 4 in Agra Hindered by Poor Road Conditions

बोले आगरा, परशुराम शोभायात्रा की राह में ‘रोड़े

Agra News - आगरा में चार मई को महर्षि परशुराम शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति तैयारियों में जुटी है, लेकिन प्रशासनिक तैयारियां अधूरी हैं। शोभायात्रा के मार्ग में गड्ढे हैं जिन्हें जल्दी भरना आवश्यक...

Newswrap हिन्दुस्तान, आगराFri, 2 May 2025 05:25 PM
share Share
Follow Us on
बोले आगरा, परशुराम शोभायात्रा की राह में ‘रोड़े

आगरा। शहर में चार मई को महर्षि परशुराम शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर आयोजन समिति तेजी से तैयारियों में जुटी है। मगर प्रशासनिक तैयारियां अभी अधूरी हैं। शोभायात्रा मार्ग में कई स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं। इन्हें अभी तक भरा नहीं गया है। प्रशासनिक उदासीनता से समिति पदाधिकारियों में नाराजगी है। संवाद कार्यक्रम में आयोजन समिति पदाधिकारियों ने परेशानियां गिनाईं। कहा कि आयोजन में कुछ ही दिन का समय शेष है। ऐसे में मार्ग के गड्ढों को कैसे भरा जाएगा, ये बात समझ से परे है। बोले आगरा को आवाज बनाकर सभी ने कहा कि प्रशासनिक मशीनरी को काम में तेजी लानी होगी।

सड़कों में हुए गड्ढे जल्दी भरने होंगे। आगरा से महर्षि परशुराम का गहरा नाता रहा है। जानकार बताते हैं कि परशुराम जी ने सिकंदरा क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे कुटिया बनाकर माता-पिता के साथ निवास किया था। इस जगह को आज उनकी माता रेणुका (रेणुका धाम) के नाम से जाना जाता है। कहा जाता है कि वह यहीं से भगवान शिव के दर्शन करने के लिए कैलाश पर्वत जाते थे। आगरा से महर्षि परशुराम के लगाव को इस बात से भी जाना जाता है कि उन्होंने यमुना नदी के किनारे दो शिवलिंग एक साथ स्थापित किए। इसे आज भोले बाबा के निवास स्थान कैलाश मंदिर के नाम से जाना जाता है। हजारों भक्त कैलाश मंदिर के शिवलिंगों पर अभिषेक करने पहुंचते हैं। परशुराम जी को भगवान शिव के साथ अनन्य पितृ भक्त माना जाता है। ये कथा बहुत प्रचलित है कि पिता के कहने पर उन्होंने अपनी माता का सिर अलग कर दिया था। शहर में महर्षि परशुराम के लाखों भक्त हैं। वह उनकी जयंती पर जिले भर में शोभायात्रा निकालते हैं। रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं। चार मई को राजपुर चुंगी क्षेत्र में महर्षि परशुराम शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में बैंड-बाजे, घोड़े और झांकियां शामिल रहेंगी। आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग इस शोभायात्रा का हिस्सा बनेंगे। मगर प्रशासनिक अधिकारियों की सुस्ती से लोगों में नाराजगी है। समिति पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि शोभायात्रा निकलने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। शोभायात्रा मार्ग में कई स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं। बैंक कॉलोनी रोड तो जगह-जगह उखड़ी पड़ी है। इस मार्ग की हालत देखकर लोगों को इस बात का भी डर सता रहा है कि ऊबड़-खाबड़ सड़क से निकलते समय कोई वाहन अनियंत्रित न हो जाए। लोगों ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री खुद सड़कों को लेकर गंभीर रहते हैं। मगर अधीनस्थों को शहर में सड़कों में हुए गड्ढे नजर नहीं आ रहे। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा शाम के समय सौ फुटा रोड भगवान परशुराम मंदिर पार्क से शुरू होगी। रात करीब 11 बजे तक झांकियों के साथ विभिन्न मार्गों पर भ्रमण करते हुए बैंक कॉलोनी मार्ग से वापस पार्क पर आकर समाप्त होगी। शोभायात्रा में काफी संख्या में छोटे बच्चे, महिला अनुयायी भी शामिल होंगे। ऐसे में शोभायात्रा मार्ग पर प्रकाश का समुचित इंतजाम रहना चाहिए। वर्तमान में मार्ग पर कई स्थानों पर लगीं स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। अंधेरे वाले स्थान से शोभायात्रा निकलने के दौरान हादसे का खतरा रहेगा। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

पदाधिकारियों ने बताया कि शमसाबाद मार्ग पर जगह-जगह नाले नालियां चोक पड़ी है। सीवर सिस्टम की हालत भी खराब है। कई पार्क भी बदहाल पड़े हैं। अधिकारियों को दौरा कर शोभायात्रा मार्ग का जायजा लेना होगा। तभी वह दिक्कतों को समझ पाएंगे और क्षेत्रीय लोगों को राहत मिल पाएगी। समय रहते पूरा किया जाए सड़कों का पैचवर्क महर्षि परशुराम जयंती के मौके पर शहर में अलग-अलग संगठनों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा।

शोभायात्रा समिति राजपुर के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा में काफी वाहन सवार भक्त शामिल रहते हैं। भीड़-भाड़ ज्यादा हो जाती है। भव्य झांकियां साथ चलती हैं। ऐसे में अगर मार्ग पूरी तरह दुरुस्त रहेगा तो किसी भी तरह के हादसे का खतरा नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि बैंक कॉलोनी और सौ फुटा मार्ग पर पैचवर्क कराने की जरूरत है। काम जल्दी हो जाएगा तो शोभायात्रा की राह आसान हो जाएगी। सही की जाएं खंभों पर लगीं स्ट्रीट लाइटें महर्षि परशुराम शोभायात्रा आयोजन एवं क्षेत्रीय विकास समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मार्ग पर स्ट्रीट लाइटों की दिक्कत है। कई स्थानों पर लगी लाइटें शोपीस बनी हुई हैं। रात होते ही वहां अंधेरा छा जाता है। शोभायात्रा का आयोजन देर रात तक चलता है। ऐसे में भीड़-भाड़ के बीच मार्ग पर अगर प्रकाश व्यवस्था सही नहीं रही तो किसी घटना-दुर्घटना का अंदेशा बना रहेगा। समिति पदाधिकारियों ने निगम अधिकारियों से खराब हो चुकी स्ट्रीट लाइटों को सही करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों ने अभी तक शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण नहीं किया है। इस वजह से लोगों में नाराजगी है। अधिकारियों को इस तरफ भी ध्यान देना चाहिए। शोभायात्रा मार्ग पर लगाए जाएं पानी के टैंकर शहर में भीषण गर्मी है। दिन-रात गर्मी लोगों को सता रही है। इसे देखते हुए समिति पदाधिकारियों ने प्रशानिक अधिकारियों से शोभायात्रा मार्ग पर पेयजल टैंकर लगाने की मांग की है। ताकि जरूरत पड़ने पर शोभायात्रा में शामिल लोगों को आसानी से पेयजल उपलब्ध हो जाए। पदाधिकारियों ने निगम प्रशासन से कार्यक्रम में सहयोग करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अगर आयोजन में सहयोग कर दे तो इसकी भव्यता बढ़ जाएगी। शोभायात्रा में शामिल होने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी। चोक पड़े नाले-नालियों की कराई जाए सफाई शोभायात्रा मार्ग पर दिक्कतों के एक-दो नहीं कई रोड़े हैं। समिति पदाधिकारियों के मुताबिक शमसाबाद मुख्य मार्ग पर नाले-नालियां काफी समय से चोक पड़े हैं। सीवर लाइन भी जब तक ओवरफ्लो हो जाती है। कई रिहायशी स्थानों पर कूड़े का निस्तारण नहीं हो रहा है। सभी निर्धारित स्थानों पर डस्टविन न होने की वजह से काफी लोग घरों से निकलने वाला कूड़ा सड़क पर फेंक देते हैं। इससे राहगीरों को काफी परेशानी होती है। मार्ग से निकलने में दिक्कत आती है। आसपास दुर्गंध का वातावरण रहता है। राजपुर क्षेत्र में इस रूट से निकलेगी ।

भायात्रा समिति पदाधिकारियों ने बताया कि महर्षि परशुराम शोभायात्रा, परशुराम आश्रम (पार्क) 100 फुटा रोड इंद्रापुरम से शुरू होगी। शमसाबाद मार्ग, राजपुर चुंगी, विभव नगर, शहीद नगर, बैंक कॉलोनी होते हुए वापस पार्क पर आकर यात्रा का समापन होगा। इस मौके पर विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। विचार गोष्ठी के माध्यम से युवाओं को माता-पिता की सेवा करने की सीख दी जाएगी। घर्म की रक्षा के लिए प्रेरित किया जाएगा। युवाओं को बहन-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान के लिए जागरुक किया जाएगा। परशुराम जी के बताए मार्ग पर चलने की प्रेरण दी जाएगी। पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन से उठाईं मांगें आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारियों में जुटे समिति पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन से अक्षय तृतीया के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की मांग है। उन्होंने कहा कि परशुराम पार्क में सौंदर्यीकरण कराए जाने की जरूरत है। निगम प्रशासन सहयोग कर दे तो पार्क की तस्वीर कुछ ही दिनों में बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में जहां भी आयोजन हो रहे हैं, जिला प्रशासन को वहां के मार्ग सही करने होंगे।

चार मई को छावनी क्षेत्र में भव्य महर्षि परशुराम शोभायात्रा का आयोजन किया जाना है। शोभायात्रा मार्ग में कई स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं। सड़कें उखड़ी पड़ी हैं। इससे शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। शोभायात्रा की राह में रुकावट आ सकती है। समस्या का समाधान किया जाए। रिषि उपाध्याय, समिति अध्यक्ष

शोभायात्रा का आयोजन देर रात तक चलता है। हजारों की संख्या में लोग आयोजन में शामिल होते हैं। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया जाता है। इसके बाद भी अभी तक मार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइटें सही नहीं हो पाई हैं। इससे शोभायात्रा की रौनक को ग्रहण लग सकता है। लाइटें जल्दी सही की जाए। मनोज शर्मा, कोषाध्यक्ष

30 मई को भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। पार्क स्थित मंदिर में हवन पूजन (पंच कुंडीय यज्ञ) आयोजित किया जाएगा। इसके बाद चार मई को विचार गोष्ठी की जाएगी। इसमें युवाओं से परशुराम जी के पदचिह्नों पर चलते हुए माता-पिता की सेवा करने की सीख दी जाएगी। केके शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष

विचार गोष्ठी में युवाओं से पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव को लेकर चर्चा की जाएगी। उनसे प्री वेडिंग के कल्चर का हिस्सा न बनने की अपील की जाएगी। दहेज जैसी कुप्रभाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। आज के इस माहौल में बहन-बेटियों की सुरक्षा कैसे करनी है। इस विषय पर भी चर्चा की जाएगी। मोनू पंडित, संयोजक

शोभायात्रा मार्ग में पड़ने वाले नाले-नालियां काफी समय से चोक पड़े हैं। इससे मार्ग पर दुर्गंध रहती है। गंदगी की वजह से मच्छर-मक्खी का प्रकोप रहता है। मेरी मांग है कि शोभायात्रा मार्ग पर पड़ने वाले सभी नाले-नालियों की तलीझाड़ सफाई कराई जाए। आयोजन से पहले कूड़े का निस्तारण कर दिया जाए। तपन पचौरी

भायात्रा मार्ग पर सफाई का अभाव है। कई स्थानों पर कूड़ा सड़कों पर पड़ा हुआ है। इससे शहर की तस्वीर बिगड़ती है। शोभायात्रा में शामिल होने के लिए पड़ोसी जनपदों के लोग भी यहां आते हैं। इस गंदगी से शहर की छवि खराब होती है। अधिकारियों को संज्ञान लेकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी। मुकेश भारद्वाज

आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना है। वर्तमान में तमाम कुरीतियां समाज में पैर पसारती दिख रही हैं। शोभायात्रा के दौरान लोगों से शादी में होने वाले अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाने की मांग की जाएगी। लोगों को ये संदेश दिया जाएगा की वह बेटियों की शिक्षा और सम्मान के लिए सचेत रहें। सुरेश अरेला

शोभायात्रा में सैकड़ों लोग शामिल रहते हैं। यात्रा मुख्य मार्गों से होकर गुजरती है। इससे आम वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। शोभायात्रा के दौरान आम लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए यातायात प्रबंधन के बेहतर इंतजाम करने होंगे। शोभायात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बेहतर रहे। प्रवेश दुबे

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।