how delhi heavy rain failed imd had to red alert in morning दिल्ली की बारिश ने मौसम विभाग को भी कर दिया फेल, आनन-फानन जारी किया रेड अलर्ट, Weather Hindi News - Hindustan
Hindi Newsमौसम न्यूज़how delhi heavy rain failed imd had to red alert in morning

दिल्ली की बारिश ने मौसम विभाग को भी कर दिया फेल, आनन-फानन जारी किया रेड अलर्ट

शुक्रवार को दिल्ली के मौसम ने मौसम विभाग को भी फेल कर दिया। मौसम विभाग का कहना है कि प्री मानसून के वक्त कई बार बारिश की तीव्रता की भविष्यवाणी मुश्किल हो जाती है।

Ankit Ojha लाइव हिन्दुस्तानSat, 3 May 2025 06:37 AM
share Share
Follow Us on
दिल्ली की बारिश ने मौसम विभाग को भी कर दिया फेल, आनन-फानन जारी किया रेड अलर्ट

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को ऐसी बारिश हुई कि मौसम विभाग भी हैरान हो गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में मध्यम बारिश का अनुमान जरूर लगाया था लेकिन मूसलाधार बारिश का अंदाजा उसे भी नहीं था। ऐसे में सुबह के पांच बजे मौसम विभाग ने अपने अलर्ट को अपडेट करते हुए रेड अलर्ट में बदला और फिर आनन-फानन में प्रेस ब्रीफिंग करके इसकी जानकारी दी। हालांकि एजेंसियों को रेड अलर्ट की तैयारी का समय ही नहीं मिल पाया। राजधानी दिल्ली में मई के महीने में इस सदी में दूसरी बार इतनी बारिश हुई है।

शुक्रवार की सुबह ही राजधानी दिल्ली का मौसम अचानक बदला और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। 80 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी आ गई। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए। राजधानी दिल्ली में इन घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। जब तक मौसम विभाग ने अपनी वेबसाइट पर अपडेट किया तब तक तो राजधानी दिल्ली तेज बारिश में भीग चुकी थी। तेज हवाएं अच्छी खासी तबाही मचा चुकी थीं। इसके बाद मौसम विभाग ने प्रेस ब्रीफिंग की।

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक सफदरजंग में 77 एमएम बारिश हो चुकी थी। इससे पहले 20 मई 2021 को साइक्लोन ताउते की वजह से दिल्ली में एक ही दिन में 119.3 एमएम बारिश हुई थी। शनिवार को भी दिल्ली में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान के मुताबिक दिन में हल्की बारिश होती रहेगी। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटा रह सकती है। इसके अलावा रविवार को भी रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है।

आईएमडी के डायरेक्टर एम मोहापात्रा ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अगले पांच दिन बारिश का अनुमान लगाया गया है। हालांकि बारिश कितनी होगी इसका अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्री मानसून के वक्त इस तरह के तूफानों की भविष्यवाणी मुश्किल हो जाती है। पिछले सप्ताह गर्मी ने ऐसी परिस्थिति बना दी कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों में आर्द्रता की वजह से स्टॉर्म सिस्टम बन गया। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ ने भी अपना कमाल दिखा दिया।

दोपहर तक धूप के बावजूद तापमान बेहद कम दर्ज किया गया। शुक्रवार को दिल्ली की बारिश से यह तो साफ हो गया कि भले ही मौसम की भविष्यवाणी को लेकर कितनी भी उन्नति हो गई हो लेकिन प्रकृति अब भी तकनीक पर भारी है।