गरजे बादल, बारिश के बाद पारा धड़ाम, मौसम हुआ सुहाना
Agra News - शुक्रवार की सुबह बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है। गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है और बाजारों में भीड़ बढ़ गई है। तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। किसानों को भी बारिश से मक्का की...

जनपद में शुक्रवार की सुबह गरज-चमक के साथ हुई बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को गर्मी से राहत मिली है। शहर व कस्बों के बाजारों में विगत दिनों की अपेक्षा शुक्रवार की दोपहर में भी लोग खरीददारी करते नजर आए। बारिश के बाद तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार की अलसुबह अचानक आसमान में बादल छाना शुरू हो गए। देखते ही देखते आसमान में बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू हो गई। सुबह के समय करीब एक घंटे तक हुई बूंदाबांदी से मौसम सुहाना हो गया।
दिन के समय भी लोगों को तपिशभरी गर्मी से राहत जरूर मिल गई है। शहर के साथ ही सोरों, सहावर, अमांपुर समेत कस्बाई व ग्रामीण क्षेत्र में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। कस्बाई बाजारों में भी ग्रामीण क्षेत्रों से लोग खरीददारी करने निकले। किसान शुक्रवार को हुई हल्की बारिश से काफी खुश हैं। खेतों में मक्का की फसल को बारिश से फायदा होगा। किसानों ने बताया कि बारिश से मक्का की फसल में फिलहाल सिंचाई की जरूरत नहीं होगी। विगत दिनों में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित कर दिया था। हीटवेव से बचने के लिए लोग घरों में ही रहने के लिए मजबूर थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।